Gaya Junction Ticket Checking : गया जंक्शन पर रेलवे की ओर से रविवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान प्लेटफार्म संख्या एक से सात तक तथा फुट ओवरब्रिज के अलावा गया जंक्शन से आने-जाने वाली विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकट की जांच की गयी.
अभियान में आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के अधिकारी शामिल
टिकट जांच अभियान में आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रेलवे के अन्य अधिकारी भी शामिल रहे.
300 बेटिकट यात्रियों से 2.50 लाख का जुर्माना
जांच के दौरान बिना वैध टिकट यात्रा कर रहे करीब 300 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे की ओर से इन बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रूप में करीब 2.50 लाख रुपये की राशि वसूली गयी. अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों के टिकट एवं यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच की.
वैध टिकट के साथ यात्रा करने की दी गई हिदायत
बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को रेलवे नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की हिदायत दी गयी. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बेटिकट यात्रा करने से यात्रियों को परेशानी के साथ-साथ आर्थिक दंड भी भुगतना पड़ सकता है.
रेलवे राजस्व व यात्री सुविधा को लेकर जारी रहेगा अभियान
यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा को लेकर इस तरह के टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे. अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे ट्रेन में सफर करने से पहले अपना वैध टिकट अवश्य लें और रेलवे के नियमों का पालन करें.
