गया जंक्शन पर 23.396 किलो पॉपी हस्क के साथ दो युवक गिरफ्तार, चतरा से पटना जाने की थी तैयारी

पितृपक्ष मेले की सुरक्षा के बीच गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने 23.396 किलोग्राम अवैध पॉपी हस्क (डोडा चूरा) पाउडर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. यह खेप झारखंड के चतरा से पटना ले जाई जा रही थी.

Gaya News : आगामी 'पितृपक्ष मेला-2026' के मद्देनजर गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रख रही है.

इसी क्रम में शुक्रवार को गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1बी के दिल्ली छोर से दो संदिग्ध युवकों को 23.396 किलोग्राम अवैध पॉपी हस्क (डोडा चूरा) पाउडर के साथ धर दबोचा गया. बरामद किए गए इस मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत बाजार में 3,50,940 रुपये आंकी गई है.

गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों की पहचान समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसैया गांव निवासी सुजीत कुमार और छपरा जिले के मसरख थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार के रूप में की गई है.

संयुक्त टीम की सतर्कता से पकड़े गए तस्कर

इस संबंध में आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव, रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार, सीआईबी इंस्पेक्टर और अन्य सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम गया जंक्शन पर नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1बी के दिल्ली छोर पर दो युवक अपने-अपने कंधों पर पिट्ठू बैग टांगे हुए बेहद संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए दिखाई दिए.

पुलिस बल को उन पर संदेह हुआ, जिसके बाद टीम ने पास जाकर दोनों से पूछताछ शुरू की. सुरक्षा बलों द्वारा जब उन्हें विश्वास में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पिट्ठू बैग में प्रतिबंधित पॉपी हस्क पाउडर भरा हुआ है.

बैग की तलाशी में मिले चार पैकेट मादक पदार्थ

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना राजपत्रित अधिकारी को दी गई. सूचना मिलते ही सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) संजय कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंच गए. इसके बाद विधिवत गवाहों और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में दोनों युवकों के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई.

तलाशी के दौरान उनके बैग से पारदर्शी सफेद प्लास्टिक की थैलियों में रखे कुल चार पैकेट बरामद हुए, जिसमें दोनों युवकों के पास से दो-दो पैकेट मिले. जब्ती के बाद जब मादक पदार्थ की विधिवत जांच और वजन कराया गया, तो उसका कुल वजन 23.396 किलोग्राम पाया गया.

झारखंड के चतरा से पटना ले जाने की थी योजना

पुलिस की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे झारखंड के चतरा जिले से यह अवैध मादक पदार्थ लेकर पटना जाने के लिए गया जंक्शन पहुंचे थे.

उनकी योजना गया जंक्शन से किसी ट्रेन पर सवार होकर पटना जाने की थी, ताकि वहां इसकी सप्लाई की जा सके. हालांकि, ट्रेन पकड़ने से ठीक पहले ही संयुक्त सुरक्षा टीम की नजर उन पर पड़ गई और वे सतर्कता बरतते हुए दोनों तस्करों को दबोचने में सफल रहे.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में आरपीएफ पोस्ट गया के उप निरीक्षक विकास कुमार ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए एक लिखित शिकायत जीआरपी गया को सौंपी. इसके आधार पर जीआरपी गया थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(c), 15(b) और 29 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Also Read : पितृपक्ष में गया जी आने से पहले जान लें पूरा प्लान, ट्रेन से ट्रैफिक तक श्रद्धालुओं के लिए क्या है व्यवस्था

पितृपक्ष मेले के दौरान गया जंक्शन पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ और जीआरपी द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, उनके सामान और हर प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों की इस संयुक्त और त्वरित कार्रवाई से मादक पदार्थों की बड़ी तस्करी के कोशिश को पूरी तरह विफल कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रोहित कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >