पितृपक्ष मेला को लेकर गया जंक्शन पर चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के तहत आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन एंड्रॉइड मोबाइल और एक यात्री के कीमती सामान से भरे बैग के साथ तीन संदिग्ध चोरों को गिरफ्तार किया है.
बरामद किए गए तीनों मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत बाजार में करीब 52 हजार रुपये बताई गई है. यह पूरी कार्रवाई भारतीय रेलवे के 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत सफलतापूर्वक अंजाम दी गई है.
गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों की पहचान नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद समीर, मोहम्मद इमरान और गया शहर के छोटकी डेल्हा इलाके के रहने वाले कन्हैया प्रसाद के रूप में की गई है.
संयुक्त टीम की गश्त के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी
इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आरपीएफ, सीपीडीएस टीम, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी गया की एक संयुक्त टीम इन दिनों गया जंक्शन के चप्पे-चप्पे पर गश्त कर रही है. इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे जब संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1/सी के दिल्ली छोर स्थित यात्री शेड के पास पहुँची, तो वहां तीन व्यक्ति बेहद संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए दिखाई दिए.
सुरक्षा बलों को उन पर शक हुआ, जिसके बाद टीम ने पास जाकर उनसे पूछताछ शुरू की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों युवक अचानक बुरी तरह घबरा गए और कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे यात्रियों का सामान और मोबाइल चुराने के फिराक में थे तथा पहले भी कई चोरियों को अंजाम दे चुके हैं.
बैग और मोबाइलों की हुई बरामदगी
अपराधियों के इकबालिया बयान के बाद संयुक्त टीम ने उनकी विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान आरोपी मोहम्मद समीर के पास से एक ऑरेंज और काले रंग का लगेज बैग बरामद किया गया, जिस पर अंग्रेजी में ‘AL AYMEN Tours & Travels Hajj & Umrah Group’ लिखा हुआ था. इस बैग की जांच करने पर उसमें कपड़े, जीवन रक्षक दवाइयां और अन्य जरूरी सामान के साथ-साथ टेक्नो पोवा (Tecno Pova) कंपनी का एक स्क्रीन टच एंड्रॉइड मोबाइल भी बरामद हुआ.
इसके अलावा, दूसरे आरोपी मोहम्मद इमरान के पास से रेडमी (Redmi) कंपनी का और तीसरे आरोपी कन्हैया प्रसाद के पास से ओप्पो (Oppo) कंपनी का एक-एक एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किया गया.
जीआरपी के हवाले किए गए आरोपी, बीएनएस के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ की टीम ने मौके पर ही विधिवत जब्ती सूची (सीजर लिस्ट) तैयार की और बरामद किए गए तीनों महंगे मोबाइल फोन तथा यात्री का संदिग्ध बैग अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद आरपीएफ के उप निरीक्षक विकास कुमार ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और प्राथमिकी (FIR) की औपचारिकता पूरी करते हुए तीनों गिरफ्तार आरोपियों को अग्रिम व कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना गया को सुपुर्द कर दिया.
जीआरपी गया ने आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 236/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
