गया जी : 2 लाख रुपये लौटाने के बहाने युवक को घर से बुलाया, फिर धारदार हथियार से की हत्या; तीन हिरासत में

Gaya Ji Crime News : गया जी एयरपोर्ट के पास विष्णुगंज गांव में 2 लाख रुपये के उधार के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है.

Gaya Ji Crime News : गया जी एयरपोर्ट के पास मगध मेडिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत विष्णुगंज गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. धारदार हथियार से हमला कर गौतम यादव की निर्मम हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है. सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुट गई है.

दो लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में वारदात, फोन कर बुलाया बाहर

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक गौतम यादव ने अभिषेक कुमार को करीब 2 लाख रुपये उधार दिए थे. इसी लेनदेन को लेकर दोनों के बीच पिछले चार दिनों से विवाद चल रहा था. आरोप है कि शनिवार रात करीब 10 बजे एक युवक ने गौतम यादव को फोन कर रुपये लौटाने के बहाने घर से बाहर बुलाया. जैसे ही वह बाहर पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन युवकों को हिरासत में लिया

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान अभिषेक कुमार (पिता– अनिल सिंह, ग्राम मड़ई), डब्लू कुमार (पिता– रामाधार सिंह, ग्राम मड़ई) और सुबोध कुमार (पिता– सुरेश यादव, ग्राम बैजू बिगहा) के रूप में हुई है. पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी एयरपोर्ट के पास युवक की चाकू मारकर हत्या, सूद के लेनदेन के विवाद में आरोपी गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >