संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Gaya Ji Road Accident : गया जी जिले के विष्णुपद थाना क्षेत्र अंतर्गत खटकाचक बाईपास के समीप मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है.
सब्जी खरीदने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया-नवादा मुख्य मार्ग पर भुसुंडा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी. बताया जाता है कि युवक ड्यूटी से लौटने के बाद अपनी स्कूटी खड़ी कर सब्जी खरीद रहा था. इसी दौरान तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
झारखंड नंबर की गाड़ी छोड़ भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान कोसड़ीहीरा निवासी युवक के रूप में की गई है. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल वाहन झारखंड नंबर का है. हादसे के बाद वाहन में सवार लोग गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए.
मौके पर पहुंचे डीएसपी और पुलिस
सूचना मिलने पर विष्णुपद थाना पुलिस, डीएसपी-1 सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई. इधर, युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने-बुझाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. काफी समझाने-बुझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल फरार चालक और वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
Also Read : गया जी घराने के ध्रुपद गायक पंडित कृष्ण मोहन पाठक को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
