Gaya Ji News: जिले के परैया के पहरा दरगाह स्थित खानकाह-ए-सैलानी में 21 अगस्त को हजरत दादा दरिया शाह सैलानी रहमतुल्लाह अलैह का 405वां सालाना उर्स मुबारक अकीदत के साथ मनाया जाएगा. उर्स को लेकर दरगाह कमेटी और स्थानीय लोगों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोजन में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की उम्मीद है.
फजिर के बाद शुरू होगा धार्मिक कार्यक्रम
उर्स मुबारक का आयोजन हजरत मो. असलम शाह सैलानी तेगी शमशी, सज्जादा व गद्दीनशीन, एवं हजरत हकीम मो. मतीन शाह सीकोही सैलानी मदारी, पहाड़ी बाबा, के जेरे कयादत और हजरत मो. मंसूर शाह शीकोही जाफरी मदारी सैलानी तेगी शमशी की सरपरस्ती में होगा.
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह फजिर की नमाज के बाद कुरआनख्वानी से होगी. इसके बाद दोपहर में मजार-ए-पाक का गुसल, चादरपोशी और मिलाद-उन-नबी का आयोजन किया जाएगा. शाम में मगरिब की नमाज के बाद शिजरा ख्वानी होगी.
अकीदतमंदों से शामिल होने की अपील
उर्स को लेकर दरगाह परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कमेटी के सदस्य मो. शफीक आलम, मो. शमीम, मो. नदीम, मो. अरमान समेत अन्य सदस्यों ने अकीदतमंदों से उर्स मुबारक में शामिल होने की अपील की है.
