विश्व पर्यावरण दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष ने लगाया वटवृक्ष, 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

Gaya Ji News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गया के ब्रह्म वन में वन प्रमंडल द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने वटवृक्ष का पौधा लगाकर और 'पर्यावरण जागरूकता रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Gaya Ji News: (गया से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट) :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गया वन प्रमंडल द्वारा ब्रह्म वन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार थे, जबकि अध्यक्षता वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) शशिकांत कुमार ने की. समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों और पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पर्यावरण केवल हमारे चारों ओर का वातावरण नहीं, बल्कि हमारे जीवन, स्वास्थ्य और सुनहरे भविष्य का असली आधार है. उन्होंने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए पर्यावरण संरक्षण को एक जनआंदोलन बनाने की बात कही.

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना, युवाओं से आगे आने की अपील

डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “मिशन लाइफ”, “नमामि गंगे” और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे राष्ट्रीय अभियानों की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि इन पहलों ने देश में पर्यावरण के प्रति एक नई अलख जगाई है. उन्होंने युवाओं से इस मुहिम में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए प्रत्येक नागरिक से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके जीवित रहने तक संरक्षण करने का संकल्प लेने की भावुक अपील की. इसके साथ ही उन्होंने जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने और स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर विशेष बल दिया.

लगाया वटवृक्ष का पौधा, बंजर भूमि में किया सीड बॉल का छिड़काव

विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने ब्रह्म वन परिसर में पारंपरिक रूप से पूजनीय वटवृक्ष (बरगद) का पौधा लगाया. इसके साथ ही उन्होंने ब्रह्मयोनि पहाड़ी क्षेत्र की बंजर भूमि में सीड बॉल (बीज गोला) फेंककर हरित विस्तार का एक अनूठा संदेश दिया. आम लोगों के बीच भी बड़े पैमाने पर इन सीड बॉल्स का वितरण किया गया. इस दौरान डॉ. कुमार ने जिले भर में पर्यावरण चेतना का संदेश प्रसारित करने के लिए एक विशेष “पर्यावरण जागरूकता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

गया वन प्रमंडल ने तय किया 25 लाख पौधों के रोपण का बड़ा लक्ष्य

इस महत्वपूर्ण मौके पर गया के डीएफओ शशिकांत कुमार ने आगामी कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में गया वन प्रमंडल के अंतर्गत लगभग 25 लाख नए पौधों का रोपण किया जायेगा. उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी सामाजिक संगठनों और आम जनता से सक्रिय भागीदारी की मांग की. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया और सभी को 11-सूत्रीय पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई. समारोह में एनडीए नेता अजय कुशवाहा, पप्पू चंद्रवंशी, विकास कुमार, रेंजर आरती कुमारी सहित वन विभाग के कई अधिकारी व कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read: गयाजी में सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >