Gaya Ji News : गया जी के गुरुआ थाने की पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई तेज कर दी है. गुरुआ थाना कांड संख्या 203/25 से संबंधित हत्या मामले के आरोपी राजू आलम एवं रौशन आलम, दोनों ग्राम गुड़रू, थाना गुरुआ, जिला गया के निवासी हैं. पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के घरों पर न्यायालय द्वारा जारी इश्तेहार चिपकाया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसकी उद्घोषणा भी की.
आत्मसमर्पण न करने पर कुर्की-जब्ती की चेतावनी
इस संबंध में थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे हैं. न्यायालय के निर्देश के आलोक में उनके आवास पर इश्तेहार चस्पा किया गया है तथा उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी अभियुक्त उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध कानून के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है.
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गुरुआ पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
