गया जी से हरिबंश कुमार व उदय कुमार की रिपोर्ट :
Gaya Ji News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पदों पर नियुक्ति के लिए बुधवार को गया जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर लिखित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई. इस दौरान मानपुर प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय रसलपुर परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ के माध्यम से नकल करते हुए जहानाबाद के एक अभ्यर्थी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया.
ब्लूटूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
परीक्षार्थी के पास से ब्लूटूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. मामले में सेंटर सुपरिटेंडेंट संजय कुमार प्रवीण के लिखित आवेदन पर मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
प्रभारी थानाध्यक्ष शशि भूषण ने बताया कि गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान जहानाबाद जिले के सदर थाना क्षेत्र के पूर्वी ऊंता निवासी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि रसलपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा के दौरान उसे ब्लूटूथ के जरिए नकल करते पकड़ा गया था. आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
7,152 में से 3,985 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा के लिए कुल 7,152 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे. इनमें से 3,985 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,167 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. इस प्रकार परीक्षा में उपस्थिति 55.72 प्रतिशत और अनुपस्थिति 44.28 प्रतिशत दर्ज की गई.
डीएम शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज में सबसे अधिक अभ्यर्थी आवंटित
अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, कटारी हिल रोड केंद्र पर सबसे अधिक 888 अभ्यर्थियों को आवंटित किया गया था. यहां 496 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 392 अनुपस्थित रहे. वहीं टी मॉडल इंटर स्कूल, जीबी रोड केंद्र पर 720 आवंटित अभ्यर्थियों में से 399 ने परीक्षा दी.
इन 14 केंद्रों पर हुई परीक्षा
अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, कटारी हिल रोड
टी मॉडल इंटर स्कूल, जीबी रोड
महावीर इंटर कॉलेज, स्वराजपुरी रोड
प्लस टू हरिदास सेमिनरी, गया
प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू हाईस्कूल, बोधगया
प्लस टू हाईस्कूल, चंदौती
प्लस टू कासमी हाईस्कूल, गया
प्लस टू उच्च विद्यालय, रसलपुर
प्लस टू हाईस्कूल, बोधगया
राजकीय कन्या प्लस टू विद्यालय, रमना
रामरुचि बालिका इंटर स्कूल, गया
अनुग्रह कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गया
उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गौरी कन्या
प्लस टू गया हाईस्कूल, न्यू करीमगंज.
Also Read: भटककर बिहार पहुंची हरियाणा की किशोरी, बेलागंज पुलिस ने परिवार से मिलाकर जीता दिल
