Gaya Ji News: (गयाजी से नीरज कुमार की रिपोर्ट ) :
केंद्रीय जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो और मगध प्रमंडल के कर पदाधिकारियों की गठित अलग-अलग विशेष टीमों ने शनिवार को प्रमंडलीय क्षेत्र के सात प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ औचक छापेमारी शुरू की. इस बड़ी कार्रवाई से पूरे प्रमंडल के व्यापारियों और कर चोरों में हड़कंप मच गया है. मामले की आधिकारिक जानकारी देते हुए मगध प्रमंडल के राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) मोहन कुमार ने बताया कि विभाग को लंबे समय से इन प्रतिष्ठानों द्वारा कर चोरी किए जाने की गुप्त सूचना मिल रही थी. इसी आधार पर विशेष रणनीति तैयार कर गया जिले के पांच, औरंगाबाद के एक और कैमूर (मोहनिया) के एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में एक साथ सर्वे और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है.
पान मसाला, सिगरेट और सीमेंट के थोक कारोबारियों पर कसा शिकंजा, खंगाले जा रहे कागजात
राज्य कर अपर आयुक्त ने बताया कि गया शहर के टेकारी रोड स्थित पान मसाला व सिगरेट के बड़े थोक कारोबारी ‘सतगुरु ट्रेडर्स’, स्वराजपुरी रोड के ‘लक्ष्मी नारायण ट्रेडर्स’ और डाक बंगला रोड स्थित प्रसिद्ध सीमेंट दुकान ‘ग्लोबल मार्केटिंग’ के ठिकानों पर विभागीय अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं. इसके अलावा गया जिले के इमामगंज स्थित पान-मसाला के प्रतिष्ठान ‘राधेश्याम इंटरप्राइजेज’ और शेरघाटी के ‘खुशी जनरल स्टोर’ में भी कार्रवाई जारी है. वहीं, औरंगाबाद के ‘लक्ष्मी नारायण इंटरप्राइजेज’ और मोहनिया के ‘भुवनेश्वरी ट्रेडर्स’ में भी अधिकारियों की टीम खरीद-बिक्री, कच्चे बिल, बैंक ट्रांजैक्शन और गोदाम में मौजूद वास्तविक स्टॉक के मिलान सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात की बारीकी से जांच कर रही है.
विभागीय जांच पूरी होने के बाद कर चोरी पर तय होगा भारी जुर्माना
अपर आयुक्त मोहन कुमार ने स्पष्ट किया कि सभी प्रतिष्ठानों में प्रारंभिक जांच और स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है. कई ठिकानों पर कंप्यूटर हार्ड डिस्क, सेल डीड और बही-खातों को जब्त कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि शनिवार को शुरू हुई यह कार्रवाई पूरी होने के बाद यदि इन सात प्रतिष्ठानों में किसी भी स्तर पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत इस्तेमाल या बिक्री छिपाकर कर चोरी की पुष्टि पायी जाती है, तो नियमों के तहत कड़ा जुर्माना निर्धारित किया जाएगा और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से ब्याज सहित पूरी राशि की वसूली सख्ती से की जायेगी.
विशेष अभियान में कोयला और मार्बल लदे 25 वाहन जब्त, मचा हड़कंप
वाणिज्य कर विभाग के अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने कर चोरी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है. अधिकारियों ने शुक्रवार की शाम से शनिवार की सुबह चार बजे तक पूरे प्रमंडल में एक विशेष धर-पकड़ हाईवे चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान बिना वैध ई-वे बिल और कागजातों के सामान ले जा रहे 25 बड़े वाहनों को जब्त किया गया है. जब्त किए गए वाहनों में सर्वाधिक गया जिले में 13, औरंगाबाद में 3, सासाराम में 3, भभुआ में 3, नवादा में 2 और जहानाबाद में 1 गाड़ी शामिल है. इन सभी गाड़ियों पर भारी मात्रा में कोयला, कीमती लकड़ी, मार्बल, बिस्कुट और मिक्स गुड्स लदे हैं. इन सामानों का वैध मालिकाना हक और टैक्स इनवॉइस नहीं मिलने पर गाड़ियों को संबंधित थानों में खड़ा कराकर विधि सम्मत कार्रवाई कर जुर्माना वसूल किया जायेगा.
Also Read: गयाजी में तीन बड़ी लूट कांडों का खुलासा, झारखंड से हथियार के साथ चार शातिर अपराधी गिरफ्तार
