टिकारी में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लाखों की लूट, विरोध करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई

Gaya Ji News : टिकारी के उसरी गांव में नकाबपोश अपराधियों ने एक बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवर और कीमती सामान लूट लिए. विरोध करने पर बुजुर्ग महिला को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

Gaya Ji News : जिले के टिकारी अनुमंडल अंतर्गत पंचानपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में रविवार की रात नकाबपोश अपराधियों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवर व कीमती सामान लूटकर फरार हो गए. विरोध करने पर अपराधियों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.

विरोध करने पर बुजुर्ग महिला को पीटा, दंपती को बनाया बंधक

जानकारी के अनुसार, नकाबपोश अपराधी ग्रामीण लाई सिंह उर्फ बंधु सिंह के घर में घुस गए. घर में आहट होने पर उनकी पत्नी मुन्नी देवी की नींद खुल गई. शोर मचाने की कोशिश करने पर अपराधियों ने उन्हें पकड़ लिया. आरोप है कि बदमाशों ने पहले उनका गला दबाया, फिर बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान उनके हाथ में गंभीर चोटें आईं. इसके बाद अपराधियों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर घर में रखे जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिए.

घायल महिला को मगध मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, डीएसपी, पंचानपुर थानाध्यक्ष समेत पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

प्राथमिकी दर्ज, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पंचानपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

छह महीने पहले भी घर में हुई थी चोरी

पीड़ित परिवार ने बताया कि करीब छह महीने पहले भी उनके घर में चोरी की घटना हुई थी. उस समय भी एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोपियों का अब तक पता नहीं चल सका. लगातार दूसरी घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

बेटों ने दी घटना की जानकारी

पीड़ित परिवार के अनुसार, बुजुर्ग दंपती घर में अकेले रहते हैं, जबकि उनके बेटे बाहर रहते हैं. रात करीब 12:30 बजे पड़ोसियों के माध्यम से घटना की सूचना मिलने पर परिजन गांव पहुंचे. उन्होंने बताया कि करीब 10 से 12 की संख्या में आए अपराधियों ने दोनों को बंधक बनाया, महिला के साथ मारपीट की और घर का सामान खंगालकर फरार हो गए. महिला के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं.

Also Read : सोना लूटकांड में तीन सिपाहियों ने किया सरेंडर, चौथे आरोपी की तलाश जारी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >