गयाजी में पैक्स चुनाव की हलचल: डुमरिया के नन्दई में मिथिलेश कुमार बने निर्विरोध अध्यक्ष, 7 सदस्य भी बिना मुकाबले जीते

Gaya Ji News: गयाजी जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत नन्दई पंचायत प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है.

Gaya Ji News: (डुमरिया से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट):
गयाजी जिले के डुमरिया प्रखंड के नन्दई पंचायत में प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) चुनाव की सरगर्मी के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. नन्दई पैक्स में अध्यक्ष पद सहित कुल आठ उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं. बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजू कुमार ने सभी नवनिर्वाचित उम्मीदवारों को उनकी निर्विरोध जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया.

मीना देवी के नामांकन वापस लेते ही मिथिलेश कुमार के सिर सजा जीत का ताज

इस निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राजू कुमार ने बताया कि नन्दई पैक्स चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. इसी क्रम में बीते 26 मई को नाम वापसी के अंतिम दिन अध्यक्ष पद की मजबूत उम्मीदवार मीना देवी ने स्वेच्छा से अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया. मीना देवी द्वारा मैदान से हटने के बाद इस पद पर एकमात्र उम्मीदवार मिथिलेश कुमार बचे, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार पैक्स अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

कार्यकारिणी सदस्य पद पर भी इन 7 उम्मीदवारों ने मारी बाजी, समर्थकों ने दी बधाई

अध्यक्ष पद के साथ-साथ पैक्स की कार्यकारिणी सहयोग समिति सदस्य पद के लिए भी स्थिति पूरी तरह साफ रही और सात सदस्यों को बिना किसी मुकाबले के निर्विरोध चुन लिया गया. निर्विरोध निर्वाचित होने वाले कार्यकारिणी सदस्यों में कुसुम कुमारी, अखिलेश कुमार, प्रमिला कुमारी, कुन्ती देवी, बृहस्पति दास, अलखदेव प्रसाद तथा अखिलेश्वर प्रसाद शामिल हैं.

बुधवार को इन सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को एक साथ आधिकारिक प्रमाण पत्र सौंपा गया. पैक्स में बिना किसी विरोध के पूरी कमेटी का गठन होने की खबर मिलते ही समर्थकों, मित्रों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर सभी नवनिर्वाचित उम्मीदवारों को माला पहनाकर बधाई दी.

किसानों के हित और समिति के विकास को प्राथमिकता देंगे नवनिर्वाचित प्रतिनिधि

इस शानदार और ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष मिथिलेश कुमार और अन्य विजयी सदस्यों ने नन्दई पंचायत की जनता और किसानों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि वे पैक्स के माध्यम से स्थानीय किसानों के हित में पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि समय पर खाद-बीज की उपलब्धता, धान और गेहूं की सरकारी खरीद को पारदर्शी बनाना तथा समिति के चहुंमुखी विकास को धरातल पर उतारना ही उनकी इस नई पारी की मुख्य प्राथमिकता होगी.

Also Read: मस्ती का खेल बना मातम: तालाब में पलटा ठेला, 9 साल के मासूम की डूबने से मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >