गयाजी के मंझौली बाजार में खूनी संघर्ष: आपस में भिड़े दो दुकानदार, एक-दूसरे को पीटकर किया लहूलुहान

Gaya Ji News: गयाजी जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझौली बाजार में बुधवार की शाम को एक मामूली विवाद में दो दुकानदारों के बीच जमकर मारपीट हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दोनों दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए.

Gaya Ji News: (डुमरिया से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट) :
डुमरिया थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्ततम मंझौली बाजार में बुधवार की शाम करीब पांच बजे मामूली बात को लेकर दो स्थानीय दुकानदारों के बीच अचानक विवाद उत्पन्न हो गया. देखते ही देखते दोनों के बीच हो रही कहासुनी खूनी मारपीट में बदल गई और दोनों ने आव देखा न ताव, एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हिंसक घटना में दोनों ही दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने घायलों को PHC पहुंचाया

मारपीट की इस घटना को देख बाजार में मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य दुकानदारों ने तुरंत बीच-बचाव किया तथा उनकी मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया पहुंचाया गया. अस्पताल में भर्ती घायलों की पहचान मंझौली निवासी सोनू गुप्ता तथा पोरखानचक निवासी रवि कुमार मेहता के रूप में की गई है.

घरेलू बात पर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया

बाजार के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि दोनों दुकानदार आपस में बहुत गहरे मित्र भी बताए जाते हैं. किसी बहुत ही मामूली और घरेलू बात पर शुरू हुआ उनका यह आपसी विवाद अचानक इतना उग्र रूप ले बैठा कि दोनों दोस्ती की मर्यादा भूलकर एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए, जिससे व्यस्त बाजार में कुछ देर के लिए पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया था. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया के ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. असलम ने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि लाठी-डंडे के वार से दोनों ही व्यक्तियों के शरीर और सिर में चोटें आई हैं, हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य बनी हुई है तथा डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है.

पुलिस की मामले पर नजर

इधर, इस हिंसक झड़प के संबंध में डुमरिया एसएचओ राजू कुमार ने बताया कि बाजार में हुई मारपीट की सूचना पुलिस को मिल चुकी है. फिलहाल अस्पताल में इलाजरत किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों से लिखित आवेदन मिलने पर कानून के अनुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: मस्ती का खेल बना मातम: तालाब में पलटा ठेला, 9 साल के मासूम की डूबने से मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >