Gaya Ji Road Accident News ( बोधगया से कलेंद्र प्रताप की रिपोर्ट ):
मगध विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने फोरलेन सड़क पर सोमवार की दोपहर एक बाइक की कार से हुई टक्कर के बाद बुलेट बाइक तीन हिस्से में बंट गई और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार छात्र अंकुर टक्कर के बाद लगभग छह फुट हवा में उछल गया और उसके बाद जमीन पर आ गिरा.
बापू नगर के छात्र अंकुर का जबड़ा टूटा, उंगलियों में भी आई गंभीर चोट
इस भीषण सड़क हादसे में विश्वविद्यालय के पास के ही बापू नगर मुहल्ले में रहने वाले बाइक सवार छात्र अंकुर का जबड़ा गंभीर रूप से चोटिल हो गया है. हादसे में उसके दो दांत टूट गए और एक हाथ की कई उंगलियां भी फ्रैक्चर हो गई हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.
फोरलेन पर रफ्तार का कहर, मौके पर खड़ी गाड़ियों की वजह से नहीं दिखी कार
घटना के संबंध में बताया गया कि जहानाबाद का एक परिवार कार में सवार होकर धनबाद जा रहा था. इसी बीच दोमुहान से आगे बढ़ने के बाद फोरलेन पर जब कार पूरी रफ्तार में थी, तभी एमयू कैंपस से बाइक सवार अंकुर मुख्य सड़क पर निकला. एमयू गेट के पास ऑटो और अन्य गाड़ियां खड़ी होने के कारण अंकुर को सामने से आती कार नहीं दिखी और ना ही कार के चालक को अंकुर नजर आया. इसके चलते दोनों गाड़ियों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई.
एमयू थाने की पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त, जांच शुरू
टक्कर की आवाज सुनकर विश्वविद्यालय गेट के पास अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मगध विश्वविद्यालय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीन टुकड़ों में बंट चुकी बुलेट बाइक और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है और मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
Also Read: गयाजी की नैना कुमारी का देश में बजा डंका: राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए हुआ चयन
