गया जी जिला के गुरुआ प्रखंड से डॉ प्रमोद कुमार वर्मा की रिपोर्ट
Gaya Ji News: गया जी जिले के गुरुआ प्रखंड के बिरहीमा गांव में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ पांच दिवसीय सीताराम यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ हुआ. यज्ञ को लेकर गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लिया.
मोरहर नदी से भरा पवित्र जल
श्रद्धालु मोरहर नदी से वैदिक मंत्रोच्चार एवं जयघोष के बीच कलश में पवित्र जल भरकर यज्ञ स्थल तक पहुंचे. इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की गई. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं की भीड़ यज्ञ स्थल पर उमड़ रही है.
सुख-समृद्धि की कामना
आयोजन समिति के सदस्य एवं शिक्षक ब्रजेश कुमार पंकज ने बताया कि यज्ञ महोत्सव के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की जाएगी.
ग्रामीणों में भारी उत्साह
आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. यज्ञ महोत्सव को सफल बनाने में शिक्षक ब्रजेश कुमार पंकज, रेणु कुमारी, दीपक कुमार, कमलेश कुमार, रविंद्र कुमार, वृजनंदन प्रसाद, बालमुकुंद प्रसाद, बब्लू, सतीश, राजीव, सुनील, चीकू, नीतीश, मनोज सहित बिरहीमा गांव के सभी ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
Also Read: शादी का वादा कर बनाया संबंध, फिर मुकर गया प्रेमी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
