गयाजी में अमानवीय वारदात: पिता का अंतिम संस्कार कर लौट रहे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला

Gaya Ji News: गयाजी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमचक टोला हाजीचक गांव में एक बेहद शर्मनाक और हिंसक घटना सामने आई है. यहां पिता का अंतिम संस्कार कर बस से घर लौट रहे एक ही परिवार के सदस्यों पर पूर्व के विवाद को लेकर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया.

Gaya Ji News: (बेलागंज से अजीत कुमार की रिपोर्ट):
बेलागंज थाना क्षेत्र के नीमचक टोला हाजीचक गांव में पिता के अंतिम संस्कार से लौट रहे एक लाचार परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है. दुख की घड़ी में हुए इस बर्बर हमले से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. इस संबंध में पीड़ित सरजुन दास ने बेलागंज थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद दोषियों के विरुद्ध अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

शोक मनाकर लौट रहे थे परिजन, रात के अंधेरे में घेरकर बरसाए पत्थर

थाने में दिए गए लिखित आवेदन में पीड़ित सरजुन दास ने बताया है कि उनके पूजनीय पिता देवी दास का निधन हो गया था. अंतिम संस्कार की सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद परिवार के सभी सदस्य और सगे-संबंधी एक बस में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे, पूर्व से चले आ रहे किसी विवाद को लेकर घात लगाए बैठे कुछ असामाजिक तत्वों ने बीच सड़क पर बस को जबरन रोक लिया. बस रुकते ही हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया.

वाहन को भी किया क्षतिग्रस्त

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने पूरी तैयारी के साथ लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और पत्थरों से बस की खिड़कियां तोड़ दीं और भीतर घुसकर सवार लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. इस अचानक हुए हमले के कारण बस के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदकर इधर-उधर भागने लगे.

इस हिंसक झड़प में उत्तम कुमार, बिंदेश्वर दास और दिलीप कुमार समेत परिवार के कई लोग गंभीर रूप से चोटिल और घायल हो गए. सभी घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया है. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने वहां खड़े एक अन्य वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उसके निर्दोष चालक के साथ भी जमकर मारपीट की.

अज्ञात और नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पीड़ित सरजुन दास ने अपने आवेदन में गांव के ही कुछ दबंग लोगों को नामजद किया है, जबकि कई अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर भी इस सुनियोजित हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है. घटना की पुष्टि करते हुए बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार त्रिवेदी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है. पुलिस का साफ कहना है कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जांच रिपोर्ट आते ही सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.

Also Read: मस्ती का खेल बना मातम: तालाब में पलटा ठेला, 9 साल के मासूम की डूबने से मौत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >