गया जी से एम एम अली की रिपोर्ट
Gaya Ji Liquor Seized: बिहार में शराबबंदी कानून लागू है. इसके बावजूद भी अवैध शराब की तस्करी राज्य में धड़ल्ले से हो रही है. पुलिस लगातार कार्रवाई कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर रही है. ताजा मामला गया जी के आमस थाना क्षेत्र का है. जहां पुलिस ने 35 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब बरामद किया है. साथ ही एक आरोपी की भी गिरफ्तारी की गई है.
क्या है पूरा मामला
पूरा मामला गया जिले के आमस थाना क्षेत्र का है. जहां शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में करीब 35 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
आमस पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजस्थान के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी हासिल की जा सके.
कंटेनर खोलते हीं पुलिस के उड़े होश
आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि गुप्त सुचना के आधार पर जब औरंगाबाद से शेरघाटी की ओर जा रही कंटेनर को पकड़ कर खोला गया तो उसके अंदर से अंग्रेजी शराब के सैकड़ों कार्टून बरामद किए गए. जिसमें इंपीरियल ब्लु के महंगे शराब हैं.
35 लाख का शराब जब्त
उन्होंने बताया कि इंपीरियल ब्लू की 180 एमएल की 149 कार्टून, 375 एमएल की 100 कार्टून, 750 एमएल की 100 कार्टून, कुल 349 कार्टून में 3087 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है. इसके अलावा राजस्थान का रहने वाला चालक नरेश कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. बरामद शराब की अनुमानित क़ीमत करीब 35 लाख बताई जा रही है.15 दिनों में आमस पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता मिली है.
15 दिन पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी
यह पहली बार नहीं है जब आमस थाना क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी गई हो. इससे पहले तीन जून को भी पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की थी. उस कार्रवाई ने भी तस्करों के बीच दहशत का माहौल था.
कंटेनर में छिपाकर लाई जा रही थी शराब
तीन जून को जीटी रोड स्थित आमस थाना के सामने पुलिस ने एक कंटेनर से अंग्रेजी शराब बरामद की थी. तस्करों ने कंटेनर के अंदर विशेष केबिन बनाकर शराब के कार्टून छिपा रखे थे ताकि पुलिस को शक न हो और आसानी से जांच से बचा जा सके.
हजारों लीटर शराब की हुई थी बरामदगी
पिछली कार्रवाई में पुलिस ने इंपीरियल ब्लू ब्रांड की 180 एमएल की 159 कार्टून, 375 एमएल की 97 कार्टून और 750 एमएल की 98 कार्टून यानी कुल 344 कार्टून शराब बरामद की थी. इन कार्टूनों में करीब 3042 लीटर अंग्रेजी शराब रखी गई थी, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई थी.
राजस्थान के दो तस्कर हुए थे गिरफ्तार
तीन जून की कार्रवाई में पुलिस ने कंटेनर चालक महेंद्र कुमार और खलासी टिकमा राम को गिरफ्तार किया था. दोनों राजस्थान के रहने वाले बताए गए थे. पूछताछ में शराब तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस को मिले थे. गौरतलब हो कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है.
आगे क्या करेगी पुलिस
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. संभावना है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. पुलिस बरामद शराब के स्रोत और गंतव्य की भी जांच कर रही है. बता दें कि शराबबंदी कानून होने के बावजूद हर जिले से पुलिस आए दिन शराब की बड़ी खेप बरामद कर रह है.
Also Read: गया जी में कट्टा लहराकर युवक ने बनाई रील, वायरल होते ही तलाश में जुटी पुलिस
