गया जी-औरंगाबाद में यूरेनियम ब्लॉक नीलामी की तैयारी, रोहतास में ग्लूकोनाइट से ₹2643 करोड़ कमाई की उम्मीद

बिहार में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी से राज्य को बड़ी आर्थिक सौगात मिलने वाली है. गया जी-औरंगाबाद क्षेत्र में यूरेनियम और रोहतास में ग्लूकोनाइट के खनन से अगले 50 वर्षों में करीब 2643 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है.

Gaya Ji Aurangabad Uranium : बिहार में महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों की खोज और उनके व्यावसायिक इस्तेमाल की दिशा में गया के लिए बड़ी संभावना सामने आई है. भारत सरकार के खान मंत्रालय ने राज्य में 14 प्रमुख खनिज ब्लॉक आवंटित किए हैं.

इनमें क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक खनिजों की नीलामी केंद्र सरकार के स्तर से की जानी है. वहीं, बाकी चार खनिज ब्लॉकों की नीलामी बिहार सरकार करेगी.

गया जी-औरंगाबाद के धनरास टिन-टंगस्टन और रेयर अर्थ ब्लॉक को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है. इस ब्लॉक में टिन-टंगस्टन और रेयर अर्थ खनिज की उपलब्धता को देखते हुए आगे की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है.

धनरास ब्लॉक में यूरेनियम मिलने की स्थिति और एएमडी की रिपोर्ट

विभागीय सूत्रों के अनुसार गया जी-औरंगाबाद क्षेत्र के इस खनिज ब्लॉक में 150 पीपीएम की मात्रा में यूरेनियम अयस्क पाये जाने की स्थिति भी सामने आयी है. इसके बाद खान एवं भूतत्व विभाग ने एटॉमिक मिनरल डायरेक्टर (एएमडी), जमशेदपुर से यूरेनियम मिलने वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.

एएमडी का प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद उसे खान मंत्रालय, भारत सरकार को उपलब्ध कराने की बात कही गयी है. गया से जुड़े इस ब्लॉक के लिए नीलामी की तिथि, पसंदीदा बोलीदाता और नीलामी प्रक्रिया व अन्य अभी स्पष्ट नहीं किया गया है.

हालांकि, वर्तमान स्थिति में इसे इएल (एक्सप्लोरेशन लाइसेंस) के लिए चिह्नित किया गया है. राज्य सरकार की ओर से खनिज ब्लॉक से संबंधित प्रतिवेदन खान मंत्रालय को भेजा जा चुका है. गया जी-औरंगाबाद का यह खनिज क्षेत्र भविष्य में जिले में खनिज आधारित गतिविधियों और आर्थिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.

गया के अन्य खनन ब्लॉकों की अद्यतन स्थिति

  • गेंजाना निकेल क्रोमियम एवं पीजीआइ ब्लॉक गया: विभाग ने ब्लॉक के लिए सफल बिडर घोषित करते हुए कम्पोजिट लाइसेंस प्रदान किया है. इसमें एडीएम गया जी द्वारा पीएल डीड को निष्पादित किया गया है.
  • सपनेरी वैनडीफरस-मैग्नेटाइट ब्लॉक गया: विभाग ने इस ब्लॉक के लिए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा संशोधित जियोलॉजिकल रिपोर्ट खान मंत्रालय भारत सरकार को उपलब्ध करा दी है.

रोहतास में ग्लूकोनाइट का खनन और नीलामी

रोहतास के तीन ग्लूकोनाइट ब्लॉकों (नवाडीह ग्लूकोनाइट ब्लॉक, शाहपुर अकबरपुर ग्लूकोनाइट ब्लॉक, टिपा ग्लूकोनाइट) को अगली नीलामी ट्रेंच में शामिल कराने के लिए खान मंत्रालय से अनुरोध किया गया है.

वहीं केंद्र सरकार से बिहार सरकार ने तीन खनिज ब्लॉकों को उच्चतर चरण जी-3/जी-2 में अपग्रेड करने का भी अनुरोध किया है.

ग्लूकोनाइट ब्लॉकों से 50 वर्षों में 2643 करोड़ रुपये से अधिक आय का अनुमान

विभाग के अनुसार रोहतास जिले में ग्लूकोनाइट के दो ब्लॉकों की नीलामी हो चुकी है. इनमें पिपराडीह मुरवा ग्लूकोनाइट ब्लॉक की नीलामी जुलाई 2024 को हुई. इसके लिए रुंगटा सन्स प्राइवेट लिमिटेड को पसंदीदा बोलीदाता के रूप में चयनित किया गया है. इस ब्लॉक से अगले 50 वर्षों में संभावित कुल आय 1328.66 करोड़ रुपये आंकी गयी है.

Also Read : गया जी : जमीन में क्यों दबाया जा रहा मगध मेडिकल हॉस्पिटल का कचरा? पानी खराब होने का आरोप

वर्तमान में यहां अन्वेषण कार्य जारी है तथा 24 बोर होल में से 23 की खुदाई पूरी हो चुकी है और खनिज की जांच प्रक्रिया जारी है. इसी प्रकार चटिया नोडहा ग्लूकोनाइट ब्लॉक की नीलामी जुलाई 2024 को हुई थी.

इसमें भी रुंगटा सन्स प्राइवेट लिमिटेड पसंदीदा बोलीदाता है. इस ब्लॉक से 50 वर्षों में संभावित कुल आय 1314.44 करोड़ रुपये अनुमानित है. यहां कुल 37 बोर होल में से 20 बोर होल की खुदाई पूरी हो चुकी है और अन्य बोर होल की खुदाई जारी है. इस प्रकार रोहतास के इन दोनों ग्लूकोनाइट ब्लॉकों से ही 50 वर्षों में करीब 2643 करोड़ रुपये की संभावित आय का अनुमान है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हरिबंश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >