Gaya Airport: बिहार को विदेशों से जोड़ने की महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति मिली है. अब बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से थाइलैंड की राजधानी बैंकाक के बीच सीधी हवाई संपर्कता की मंजूरी दी गयी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में इसकी स्वीकृति दी गयी है. कैबिनेट बैठक में कुल 13 प्रस्तावों पर मुहर लगी. इनमें गया जिले के डोभी स्थित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आइएमसी) के लिए जलाशय निर्माण की मंजूरी भी शामिल है.
गया से बैंकाक के लिए फ्लाइट
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि नये अंतरराष्ट्रीय स्थानों तक नन-स्टॉप वायु सेवा देने के लिए टेंडर आमंत्रित किया गया था. इसमें मेसर्स इंटर ग्लोबल एविएशन लिमिटेड (इंडिगो एयरलाइन) से गया जी-बैंकाक मार्ग पर एकल टेंडर मिला है. उसको कैबिनेट ने नामांकन के आधार पर चयन कर वायबिलिटी गैप फंडिंग के रूप में प्रति उड़ान पांच लाख रुपये और अधिकतम एक साल के लिए 10.40 करोड़ देने की प्रशासनिक व खर्च की स्वीकृति दी गयी है.
गया में 428 करोड़ से बनेगा जलाशय
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना के तहत डोभी आइएमसी में उद्योगों को जल उपलब्ध कराने के लिए 428 करोड़ रुपये से जलाशय बनेगा. इसके लिए 324 एकड़ भूमि दी जायेगी. आइएमसी में प्रस्तावित उद्योगों को शुरुआती चरण में 8.5 एमएलडी और भविष्य में 19 एमएलडी तक पानी की जरूरत होगी. जल संसाधन विभाग के क्षेत्रीय अभियंता ने 8.5 एमसीएम क्षमता वाले जलाशय बनाने की अनुशंसा की है.
युवा पेशेवर चयन नीति को मंजूरी
कैबिनेट ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा विभाग तथा उसके अधीनस्थ संस्थानों के लिए युवा पेशेवर चयन नीति-2026- को भी स्वीकृति दी गयी. नयी नीति के तहत तकनीकी, शोध और विशेषज्ञ सेवाओं के लिए योग्य युवा पेशेवरी की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है. इससे अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत कार्यक्षमता को बढ़ावा मिलेगा. कैबिनेट ने बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, पटना और इसके अधीनस्थ कार्यालयों के लिए कुल 60 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गयी है.
सीमाओं की सुरक्षा को लेकर बॉर्डर आइडी की होगी नियुक्ति
कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष शाखा के तहत पुलिस महानिरीक्षक (आइजी बॉर्डर) के एक नये पद के सृजन को भी मंजूरी दी.
Also Read: मगध विश्वविद्यालय को मिला नया कार्यवाहक कुलपति, प्रो. दिलीप कुमार केसरी संभालेंगे जिम्मेदारी
