Gaya Accident: (डुमरिया से मनोज मिश्रा) थाना क्षेत्र के मंझौली बाजार में गुरुवार की देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है. मृतक की पहचान मंझौली बाजार निवासी फागों मिस्त्री (50 वर्ष) के रूप में की गई है.मिली जानकारी के अनुसार फागों मिस्त्री रात में अपने घर के समीप गाय को बांधकर वापस लौट रहे थे.
मोटरसाइकिल सवार ने मारी टक्कर
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और एक पैर टूट गया. घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया में भर्ती कराया.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.कबीर आलम ने प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक ने बताया कि घायल की स्थिति काफी गंभीर थी. सिर में गहरी चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें मगध मेडिकल अस्पताल गया रेफर किया गया. हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
इधर, घटना की सूचना मिलते ही डुमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि दुर्घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई. बाइक चालक को पकड़ लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read: दो वर्षों से बंद जलमीनार, बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा औरंगाबाद का महादलित टोला, प्रशासन बेखबर
