Tej Pratap Yadav: (संजीव कुमार सिन्हा) लालू प्रसाद के बड़े लाल और जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव शुक्रवार को गयाजी पहुंचे. यहां उनके समर्थकों ने तेज प्रताप का भव्य स्वागत किया. तेज प्रताप शहर के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर गए, जहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में पूजा अर्चना की. इस दौरान वे भगवा रंग के कपड़े में दिखे. एक बार फिर तेज प्रताप यादव के लुक ने लोगों को अट्रैक्ट किया.
सीएम सम्राट को लेकर क्या बोले तेज प्रताप?
विष्णुपद मंदिर में पूजा करने से पहले मीडिया से तेज प्रताप यादव ने बातचीत की. इस दौरान पीएम मोदी की ओर से किए गए अपील से जुड़ा सवाल उनसे किया गया. पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करने और इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल करने की अपील की थी. इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा, यह अच्छी बात है. इसमें दिक्कत क्या है. बिहार में मुख्यमंत्री को अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करनी चाहिए.
सीएम ने काफिले में घटाई गाड़ियों की संख्या
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पैदल ही अपने लोक सेवक आवास से सचिवालय पहुंचे. इस दौरान सीएम के सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे. इसके अलावा गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी दरभंगा जाने के लिए पटना एयरपोर्ट सिर्फ 3 गाड़ियों के साथ पहुंचे थे. इसके साथ ही बिहार सरकार के अन्य मंत्रियों ने भी काफिले में अपनी गाड़ियों की संख्या घटा दी है.
तेजस्वी के प्रत्याशी की जीत पर क्या कहा?
तेज प्रताप यादव ने विष्णुपद मंदिर में पूजा करने के सवाल पर कहा, हम दर्शन करने आए हैं. आप भी कीजिए. इसके अलावा भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में तेजस्वी यादव के प्रत्याशी की जीत से जुड़े सवाल पर तेज प्रताप यादव ने ज्यादा कुछ नहीं कहा. तेज प्रताप यादव अक्सर सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव रहते हैं. उनके नए अंदाज की हर बार चर्चा होती है.
Also Read: सीएम सम्राट चौधरी लोक सेवक आवास से पैदल पहुंचे सचिवालय, काफिले में गाड़ियों को भी घटाया था
