Gaya Ji cyber fraud news: जिले के डुमरिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के अंतर्गत एक उप-स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित महिला स्वास्थ्यकर्मी शातिर साइबर अपराधियों के जाल में फंस गईं. जालसाजों ने 14 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात एपीके (APK) फाइल का लिंक भेजा. जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई, साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर 45 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. खाते से राशि कटने का संदेश मिलते ही पीड़िता के होश उड़ गए.
डुमरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
खाते से अचानक 45 हजार रुपये कटने के बाद पीड़िता ने तुरंत डुमरिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. डुमरिया थानाध्यक्ष राजू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला स्वास्थ्यकर्मी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संबंधित बैंक खातों और ट्रांजैक्शन ट्रेल की पड़ताल कर रही है, ताकि ठगों के नेटवर्क तक पहुंचा जा सके.
अज्ञात एपीके लिंक और फाइलों से बचने की सलाह
थानाध्यक्ष ने आम नागरिकों को सतर्क करते हुए मोबाइल सुरक्षा के जरूरी नियम साझा किए.
"साइबर अपराधी इन दिनों व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए आकर्षक ऑफर या झांसा देकर मोबाइल पर खतरनाक एपीके फाइलें भेज रहे हैं. किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई फाइल डाउनलोड करें. अपने बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम पिन या पासवर्ड से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें." — राजू कुमार, थानाध्यक्ष, डुमरिया
Also Read: गया जी: मानपुर के नारोघाट में 50 वर्षीय किसान की पीट-पीटकर हत्या! बधार में मिला लहूलुहान शव
