गया जी : कर चोरी के खिलाफ मगध में विशेष अभियान, 17 वाहनों से 5.94 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

Gaya Ji News : मगध प्रमंडल में वाणिज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बिना कागजात वाले 17 वाहनों से 5.94 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है.

Gaya Ji News : कर चोरी के विरुद्ध मगध प्रमंडल वाणिज्य कर विभाग की ओर से पूरे प्रमंडल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिना वैध कागजात के पकड़े गए 17 वाहनों से पांच लाख 94 हजार 204 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है. मगध प्रमंडल के राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) मोहन कुमार ने बताया कि आठ जुलाई की रात से नौ जुलाई की सुबह तक कर चोरी के विरुद्ध प्रमंडलीय क्षेत्र में एक सघन विशेष अभियान चलाया गया था.

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान बिना जरूरी कागजात के कुल 20 गाड़ियां पकड़ी गई थीं. इनमें गया में पांच, सासाराम में पांच, औरंगाबाद में तीन, भभुआ में दो, जहानाबाद में तीन और नवादा में दो वाहन मुख्य रूप से शामिल थे.

कई तरह के सामान थे लदे

राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) मोहन कुमार ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इन पकड़े गए वाहनों पर प्लाईवुड, स्क्रैप, आयरन, फर्टिलाइजर, कोयला, ग्रेनाइट, हार्डवेयर, ईंट, फर्नीचर, टीएमटी बार समेत अन्य कई प्रकार के व्यावसायिक सामान लदे थे.

इन सभी वाहनों पर लदे सामानों का गहन भौतिक सत्यापन करने और विभागीय कार्रवाई पूरी होने के बाद ही 17 वाहनों से जुर्माने की राशि वसूल की गई है. इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यावसायिक टैक्स चोरों और बिना कागजात माल परिवहन करने वाले सिंडिकेट में पूरी तरह हड़कंप मचा हुआ है.

शेष वाहनों की जांच जारी

उन्होंने बताया कि वर्तमान में शेष बचे वाहनों पर लदे सामानों का भी भौतिक सत्यापन किया जा रहा है और उनके कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि उन कागजातों में किसी भी प्रकार की कमी पाई जाती है, तो विभाग द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उनसे भी नियमानुसार जुर्माना वसूल किया जाएगा.

Also Read : गया जी : UPSC पास कर शुरू किया था सफर, अब डिप्टी कमांडेंट बने अमित कुमार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >