गया जी : चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, गश्ती वाहन के शीशे टूटे; 2 पुलिसकर्मी घायल

गया जी के फतेहपुर में बैंक चोरी के आरोपी की तलाश में गई पुलिस पर खानाबदोशों के समूह ने हमला कर दिया. इस हमले में पुलिस गश्ती वाहन के शीशे टूट गए और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.

Gaya Ji News : गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गोपी मोड़ में शुक्रवार को चोरी के मामले में पूछताछ करने पहुंची पुलिस टीम पर खानाबदोशों के एक समूह ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में पुलिस गश्ती वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गये. वहीं डायल 112 के एएसआई बैजू पासवान एवं महिला सिपाही बेबी कुमारी को हल्की चोटें आयी हैं.

दोनों पुलिसकर्मियों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया. इधर हमले में महिला सिपाही के राइफल को भी नुकसान पहुंचा है.

बैंक से चोरी मामला

पुलिस के अनुसार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के जमहेता निवासी परमानंद साव बैंक से 8 सितंबर को पैसा निकाल कर अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान एक युवक ने उनके पैसे उड़ा लिया. युवक की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी. जिसके बाद उसकी पहचान के लिए पीड़ित व्यक्ति लगातार लगा हुआ था.

गोपी मोड़ पर पूछताछ

शुक्रवार को जानकारी मिली कि युवक गोपी मोड़ के पास अपने अन्य सहयोगियों के साथ रह रहा है. जिसके बाद डायल 112 एवं फतेहपुर पुलिस चोरी की घटना के सिलसिले में गोपी मोड़ स्थित खानाबदोशों के ठिकाने पर पूछताछ करने गयी थी.

पुलिस टीम पर हमले के बाद क्षतिग्रस्त गश्ती वाहन और मौके पर लोगों की भीड़

इसी दौरान पूछताछ को लेकर वहां मौजूद लोगों की ओर से पुलिस टीम का विरोध किया जाने लगा. देखते ही देखते कुछ लोग पुलिसकर्मियों पर टूट पड़े और गश्ती वाहन को भी निशाना बनाया. हमले में वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गये.

हिरासत में कई लोग

पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना से बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरातफरी की स्थिति बन गयी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है.

वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग अपने टेंट छोड़कर मौके से फरार हो गये. पुलिस हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. वहीं मौके से पुलिस ने कई बाइक बरामद किया है. बाइक की भी पुलिस जांच कर रही है.

थानाध्यक्ष का बयान

फतेहपुर थानाध्यक्ष रामकृपाल यादव ने बताया कि जमहेता में हुई चोरी के मामले में पुलिस गोपी मोड़ पहुंची थी. पुलिस टीम द्वारा मामले को लेकर पूछताछ की जा रही थी, तभी वहां मौजूद खानाबदोशों के एक समूह ने पुलिस पर हमला कर दिया. घटना में पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आयी हैं.

मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. पुलिस आसपास के इलाके में भी छानबीन कर रही है. साथ ही चोरी की घटना और पुलिस टीम पर हमले, दोनों मामलों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरविंद कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >