गया जी के डुमरिया प्रखंड के मध्य विद्यालय चहरा-पहरा की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सह विशिष्ट शिक्षिका बबीता कुमारी को विभाग ने निलंबित कर दिया है. छात्रों द्वारा प्रखंड स्तर पर धरना-प्रदर्शन किये जाने और इस संबंध में समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के बाद शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है. प्रभात खबर ने छात्रों की परेशानी व प्रदर्शन को प्रमुखता से छापा था.
19 अगस्त को मांगा गया था स्पष्टीकरण
विभाग द्वारा 19 अगस्त को एचएम बबीता कुमारी से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित अवधि तक उनके द्वारा कोई स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराया गया.
बीईओ के निरीक्षण में मिलीं कई त्रुटियां
इसी दिन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डुमरिया द्वारा विद्यालय का भौतिक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई त्रुटियां सामने आयीं. साथ ही स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी करने के एवज में अवैध वसूली की शिकायत भी प्राप्त होने का उल्लेख किया गया है.
पीएम पोषण योजना डीपीओ की रिपोर्ट में आरोप
डीपीओ (पीएम पोषण योजना) की रिपोर्ट में प्रभारी एचएम पर मनमानीपूर्ण कृत्य, स्वेच्छाचारिता, विद्यालय में अनियमितता बरतने तथा मध्याह्न भोजन योजना और विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करने के आरोप लगाये गये हैं.
निलंबन अवधि का मुख्यालय इमामगंज निर्धारित
विभाग ने आरोपों को प्रथम दृष्टया प्रमाणित मानते हुए बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली के तहत उन्हें निलंबित कर अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन किया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, इमामगंज निर्धारित किया गया है. अनुशासनिक कार्रवाई के संचालन पदाधिकारी डीपीओ (पीएम पोषण योजना) तथा प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी बीइओ इमामगंज को बनाया गया है.
