Khizarsarai Tap-Water Scheme : गया जी के खिजरसराय नगर पंचायत के धूरा मुहल्ला और पुरानी पोस्ट ऑफिस के समीप संचालित नल-जल योजना कई दिनों से बंद पड़ी है. जलापूर्ति ठप होने से दर्जनों परिवारों को दैनिक उपयोग के लिए पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को मजबूरी में दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है.
मोटर और स्टार्टर खराब होने से ठप हुई जलापूर्ति
स्थानीय लोगों के अनुसार धूरा स्थित नल-जल योजना की मोटर जल गई है, जबकि पुरानी पोस्ट ऑफिस के पास संचालित योजना का स्टार्टर खराब हो गया है. दोनों स्थानों पर तकनीकी खराबी आने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे जलापूर्ति पूरी तरह बाधित है.
नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत बनने से पहले नल-जल योजनाओं की मरम्मत मुखिया मद और बाद में पीएचईडी के माध्यम से समय पर हो जाती थी. नगर पंचायत गठन के बाद इसकी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन के पास है, लेकिन खराब योजनाओं की मरम्मत में कथित लापरवाही बरती जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यालयी प्रक्रिया और फाइलों में देरी के कारण समस्या लंबी खिंच रही है.
वार्ड पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी से की गई मांग
स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद शीला देवी से हस्तक्षेप कर जल्द नल-जल योजना चालू कराने की मांग की है. इसके साथ ही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को भी समस्या से अवगत कराते हुए शीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया है.
मरम्मत नहीं हुई तो डीएम से करेंगे शिकायत
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मोटर और स्टार्टर की मरम्मत कर जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे जिला पदाधिकारी से शिकायत करेंगे. पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा बाधित होने से प्रभावित इलाके के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
Also Read : गया जी : गंगा सतलज एक्सप्रेस के कोच से उठा धुआं, मिनटों में मची अफरा-तफरी, जानें फिर क्या हुआ?
