DDU railway division: पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल में विकास कार्यों की प्रगति, प्रभावी कार्य प्रणाली और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने की. इसमें मंडल के सभी विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे.
विकास और परिचालन कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों में चल रहे विकासात्मक, अनुरक्षण और परिचालन संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई. स्वीकृत एवं चिन्हित परियोजनाओं के समय पर आवंटन, निष्पादन और समापन, कार्यों की गुणवत्ता, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई.
समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
डीआरएम उदय सिंह मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं. उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया. साथ ही प्रत्येक विभाग को नियमित निगरानी और समीक्षा के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया.
दस्तावेजी प्रक्रिया समय पर पूरी करने पर जोर
बैठक में विभागीय दस्तावेजी प्रक्रियाओं और आवश्यक पेपर वर्क को समय पर पूरा करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे. अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसे पूरा करने के निर्देश दिए गए.
बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी गति
डीआरएम उदय सिंह मीना ने कहा कि मंडल के परिचालन, अनुरक्षण और विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध निष्पादन और जवाबदेही ही मंडल की कार्य संस्कृति का प्रमुख आधार है.
उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप, समयबद्ध तथा पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि अधिकारियों के बेहतर समन्वय और नियमित समीक्षा से मंडल के विकास कार्यों में तेजी आएगी और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी.
