Gaya ji News : कांग्रेस के बिहार प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिठ्ठू ने गया शहर में टेंपो और टोटो चालकों से विभिन्न स्थानों पर हो रही दैनिक वसूली पर नाराजगी जताते हुए इसे बंद करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि गया नगर निगम, रेलवे स्टेशन और चालक संघ के नाम पर प्रतिदिन की जा रही वसूली से हजारों चालक आर्थिक रूप से परेशान हैं.
दैनिक वसूली से चालकों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
विजय कुमार मिठ्ठू ने कहा कि मानपुर गोपालगंज रोड, चौक, पंचायती अखाड़ा, दिघी तालाब, सिकड़िया मोड़, रेलवे स्टेशन, चंदौती मोड़, मेडिकल कॉलेज सहित कई स्थानों पर टेंपो और टोटो चालकों से प्रतिदिन 150 से 200 रुपये तक वसूले जाते हैं. इससे चालकों की कुल कमाई का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा ठेकेदारी में चला जाता है, जो उचित नहीं है.
बैंक खाते में जमा हो संघ का शुल्क
उन्होंने कहा कि चालक संघ के नाम पर होने वाली वसूली को पारदर्शी बनाया जाए और यदि कोई शुल्क लिया जाता है तो उसे नगद लेने के बजाय चालक संघ के बैंक खाते में जमा कराने की व्यवस्था की जाए. यह मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
पटना की तर्ज पर मासिक पास व्यवस्था लागू करने की मांग
कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले हाथ रिक्शा चालकों के लिए जिस प्रकार मासिक पास की व्यवस्था थी, उसी तरह ई-रिक्शा (टोटो) चालकों के लिए भी 300 रुपये का मासिक पास लागू किया जाए. उन्होंने कहा कि पटना की तरह केवल रेलवे स्टेशन पर ही निर्धारित शुल्क लिया जाए और शहर में जगह-जगह वसूली की व्यवस्था समाप्त की जाए.
सरकार और प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील
विजय कुमार मिठ्ठू ने जिला टेंपो एवं ई-रिक्शा चालक संघ से राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाने की अपील करते हुए कहा कि चालकों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए.
