Gaya Ji News (कलेन्द्र प्रताप): म्यांमार के राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर गया जी एयरपोर्ट पर सुरक्षा तैयारियों की व्यापक समीक्षा हेतु एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता डीएम शशांक शुभंकर ने की. इस बैठक में एसएसपी सुशील कुमार, एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश कुमार, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट वी.एस. ठाकुर सहित जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियों, इमिग्रेशन, कस्टम, एयरलाइन ऑपरेटर एवं एयरपोर्ट ऑपरेटर के अधिकारियों ने भाग लिया.
सुरक्षा तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित
बैठक के उपरांत सीआईएसएफ द्वारा गया जी एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा विभिन्न एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता की जांच हेतु व्यापक मॉक ड्रिल और ऑपरेशनल अभ्यास किया गया.
संभावित खतरों से निपटने का किया गया अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान एयरपोर्ट के संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित आतंकी गतिविधि, बलपूर्वक प्रवेश, बंधक स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया.
सीआईएसएफ और सुरक्षा टीमों ने दिखाया समन्वय
सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम, बीडीएस टीम एवं डॉग स्क्वॉड द्वारा संयुक्त रूप से एयरपोर्ट परिसर में रणनीतिक अभ्यास कर सुरक्षा प्रतिक्रिया प्रणाली का प्रदर्शन किया गया.
वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की हुई जांच
अभ्यास के दौरान विभिन्न टीमों द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, क्षेत्र घेराबंदी, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, यात्रियों की सुरक्षा, वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल और आपसी समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिया गया महत्वपूर्ण संदेश
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान गया जी एयरपोर्ट पर सुरक्षा के बहुस्तरीय एवं पुख्ता इंतजाम प्रभावी रूप से लागू हों और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में सभी सुरक्षा एजेंसियां त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने के लिए पूर्णतः सक्षम एवं तैयार रहें.
Also Read: एफआरएस रजिस्ट्रेशन में लापरवाही पर शिक्षा विभाग सख्त, प्रधानाध्यापकों से मांगा जवाब
