गया न्यूज: तीन दिनों से नेटवर्क फेल, लोगों ने BSNL छोड़ने की दी चेतावनी

Gaya News: जिले के डुमरिया और इमामगंज प्रखंड में पिछले तीन दिनों से बीएसएनएल की मोबाइल और इंटरनेट सेवा ठप है. जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. ओएफसी केबल कटने के कारण नेटवर्क बाधित है और बैंक, पोस्ट ऑफिस, व्यापार तथा ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हैं.

Gaya News (मनोज मिश्रा): डुमरिया और इमामगंज प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बीएसएनएल की मोबाइल और इंटरनेट सेवा पूरी तरह ठप रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. नेटवर्क सेवा बाधित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खास कर व्यापारियों, छात्रों और सरकारी कार्यालयों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

शुक्रवार शाम से बीएसएनएल की सेवा बाधित

जानकारी के अनुसार ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) कट जाने के कारण शुक्रवार शाम से बीएसएनएल की सेवा बाधित है, जो रविवार देर शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी थी. इंटरनेट सेवा ठप रहने से बैंक शाखाओं, एलआईसी कार्यालयों और पोस्ट ऑफिस का कामकाज लगभग ठहर गया है. डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन लेन-देन, बीमा कार्य और सरकारी योजनाओं से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.

लाखों रुपये के कारोबार पर असर

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नेटवर्क बाधित रहने से तीन दिनों में लाखों रुपये के कारोबार पर असर पड़ा है. कई दुकानों में ऑनलाइन पेमेंट नहीं होने से ग्राहक वापस लौट रहे हैं. वहीं छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई और जरूरी फॉर्म भरने में कठिनाई हो रही है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभागीय अधिकारी सेवा बहाल करने को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे. लोगों ने बताया कि कई बार संपर्क करने के बावजूद अधिकारियों की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है.

कॉलिंग सेवा भी पूरी तरह प्रभावित है. उपभोक्ता अब निजी कंपनियों एयरटेल नेटवर्क की सेवा लेना चाहें तो इधर भी समस्या गंभीर बनी हुई है. इंटरनेट स्पीड बेहद धीमी है और कॉल ड्रॉप की समस्या बनी हुई है. वहीं इस संबंध में कसियाडीह गांव के ग्रामीण जयंत कुमार सिंह ने बताया कि खराब नेटवर्क के कारण ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं के आवेदन में भारी परेशानी हो रही है.

ग्रामीणों ने बीएसएनएल सेवा छोड़ने की चेतावनी दी

बारिश और बिजली कटौती के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सेवा बहाल नहीं हुई और व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लोग पूरी तरह बीएसएनएल सेवा छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे. डिजिटल युग में लगातार नेटवर्क ठप रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

Also Read: शेरघाटी के नए डीएसपी संदीप कुमार ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण को बताया पहली प्राथमिकता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >