बोधगया में मौत का रास्ता बन रहा फोरलेन, मगध विश्वविद्यालय गेट पर लगातार हादसे, कब बनेगा फुटओवर ब्रिज?

बोधगया के मगध विश्वविद्यालय गेट के पास फोरलेन सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से छात्रों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश, प्रशासन बना मूकदर्शक।

डोभी-पटना फोरलेन बनने के बाद जहां आवागमन की सुविधा बढ़ी है, वहीं बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास सड़क हादसों का सिलसिला भी जारी है. सुबह से लेकर देर शाम तक इस इलाके में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों की आवाजाही रहती है. तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क पार करने वाले लोगों पर हर समय खतरा बना रहता है.

फोरलेन बनने के बाद बढ़ी वाहनों की रफ्तार

मगध विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास डोभी और गया जी दोनों ओर से तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं. सड़क पार करने या दूसरी लेन में जाने के लिए छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को फोरलेन पार करना पड़ता है. इसी दौरान तेज गति से आने वाले वाहनों की चपेट में आने का खतरा बना रहता है.

फ्लाइओवर की ढलान के बाद बढ़ जाती है गाड़ियों की गति

डोभी की ओर से आने वाले वाहन टोल नाका पार करने के बाद फ्लाइओवर पर चढ़ते हैं. फ्लाइओवर की ढलान समाप्त होते ही मगध विश्वविद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार आ जाता है. ढलान के कारण वाहनों की गति बढ़ जाती है और इसी स्थान पर बड़ी संख्या में लोग सड़क पार करते हैं. ऐसे में जरा सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है.

गया जी की ओर से आने वाले वाहनों से भी बना रहता है खतरा

गया जी की ओर से आने वाले वाहनों की स्थिति भी कमोबेश ऐसी ही है. दोमुहान की ओर बने फ्लाइओवर की ढलान समाप्त होने के कुछ दूरी बाद ही मगध विश्वविद्यालय का मुख्य गेट आता है. यहां वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार पैदल आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

मंगलवार को हाइवा की चपेट में आये भाई-बहन

मंगलवार को मगध विश्वविद्यालय गेट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गयी. बताया गया कि बालू लदा एक हाइवा वाहन दुर्घटना का कारण बना. घटना के बाद एक बार फिर इस व्यस्त इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

एमयू के गेट पर मंगलवार को हुई दुर्घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

फुटओवर ब्रिज और अंडरपास की मांग

मगध विश्वविद्यालय गेट के पास लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए छात्र संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से फुटओवर ब्रिज या अंडरपास बनाने की मांग की जाती रही है. लोगों का कहना है कि सड़क पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था होने से छात्र-छात्राओं और अन्य राहगीरों को राहत मिल सकती है.

गति नियंत्रक लगाने की भी उठ रही मांग

स्थानीय लोगों ने मगध विश्वविद्यालय गेट के दोनों ओर से आने वाले वाहनों की गति कम करने के लिए चेतावनी सूचक बोर्ड और अन्य गति नियंत्रण उपाय करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि विश्वविद्यालय गेट के पास लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की जरूरत है.

हर हादसे के बाद उठता है सड़क सुरक्षा का सवाल

मगध विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास होने वाले हादसों के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों और छात्रों का कहना है कि इस व्यस्त स्थान पर सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की व्यवस्था जरूरी है. लोगों को उम्मीद है कि लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग जल्द प्रभावी कदम उठाएंगे.

ALSO READ: पितृपक्ष मेला : गया जी जाने के लिए अभी से बुक कर लें टिकट, दिल्ली-हावड़ा से इन ट्रेनों से पहुंचें, जानिए रूट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कलेंद्र प्रताप सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >