Bihar shariff News : बिहार में अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को नई दिशा देने की पहल के तहत आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना में स्थापित आर्यभट्ट स्पेस क्लब ऑफ बिहार ने राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को एक साझा मंच पर जोड़ने का अभियान शुरू किया है. इसी क्रम में आयोजित राज्यस्तरीय संवादात्मक सत्र में मगध विश्वविद्यालय ने क्लब की गतिविधियों को अपने अधीनस्थ महाविद्यालयों और विद्यार्थियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए
संवादात्मक सत्र में अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अर्थ ऑब्जर्वेशन एवं जीआईएस, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), न्यू स्पेस मैन्युफैक्चरिंग, नवाचार, स्टार्टअप तथा एसटीईएम शिक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से विचार साझा किए. वक्ताओं ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का बढ़ता दायरा युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आया है और उन्हें इस क्षेत्र से जोड़ना समय की आवश्यकता है.
अंतरिक्ष विज्ञान व राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच संबंध हो रहे मजबूत
उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता पूर्व डिप्टी चीफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशंस) लेफ्टिनेंट जनरल पी.जे.एस. पन्नू ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं. भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए युवाओं में वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान क्षमता विकसित करना जरूरी है.
एमयू के विद्यार्थियों तक पहुंचेगा क्लब का अभियान
मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने आर्यभट्ट स्पेस क्लब की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह बिहार में वैज्ञानिक चेतना, नवाचार और अनुसंधान संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में दूरगामी कदम है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने अधीनस्थ महाविद्यालयों और विद्यार्थियों तक इस अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में पूरा सहयोग देगा.
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अंतरिक्ष विज्ञान, भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में बिहार सरकार की अपर मुख्य सचिव एवं निदेशक डॉ. एन. विजयालक्ष्मी, आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. शरद कुमार यादव, कुलसचिव डॉ. नारायण प्रसाद यादव, एचआईएफटी के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा, चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के डॉ. राणा सिंह, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के प्रो. एन.के. पालित सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र शामिल हुए। मगध विश्वविद्यालय की ओर से पीजी भूगोल विभाग के डॉ. राकेश कुमार, डॉ. पिंटू कुमार तथा पीजी भौतिकी विभाग के डॉ. माधव कुमार सिंह और डॉ. श्रद्धा प्रसाद ने प्रतिनिधित्व किया. प्रतिभागियों ने विश्वास जताया कि आर्यभट्ट स्पेस क्लब ऑफ बिहार राज्य के युवाओं के लिए अंतरिक्ष विज्ञान और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा बिहार को अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
Also Read : गया जी: डोभी में NH-2 किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस
