गया जी : फर्जी कागजात से जमीन का म्यूटेशन कराने का आरोप, शेरघाटी पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया

शेरघाटी पुलिस ने फर्जी कागजातों के आधार पर जमीन का म्यूटेशन कराने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को हिरासत में लिया है. यह मामला धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से जुड़ा है, जिसकी गहन जांच की जा रही है.

गया जी के शेरघाटी थाना क्षेत्र में फर्जी और कूटरचित कागजातों के आधार पर जमीन का म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) कराने के एक मामले में शेरघाटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस हिरासत में लिया गया आरोपी स्थानीय लोहारटोली मोहल्ले का रहने वाला एनामुल हक बताया गया है.

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपी से इस अवैध कृत्य में संलिप्त अन्य लोगों तथा फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से जुड़े सभी महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले को लेकर संबंधित राजस्व कर्मचारी की ओर से गत 17 जनवरी 2026 को शेरघाटी थाने में एक लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. दर्ज प्राथमिकी में मुख्य आरोपी एनामुल हक के अलावा एक अन्य मोबाइल धारक को भी नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस के अनुसार, इस संबंध में दर्ज कांड संख्या 12/26 के तहत जमीन से जुड़े सभी कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है.

धोखाधड़ी कर तैयार किए गए थे दस्तावेज

राजस्व विभाग द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों पर यह गंभीर आरोप है कि उन्होंने सोची-समझी साजिश के तहत धोखाधड़ी कर जमीन के फर्जी कागजात तैयार करवाए और उन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अंचल कार्यालय में जमीन का म्यूटेशन कराने का प्रयास किया.

जब विभाग के स्तर पर दस्तावेजों की सत्यता की संदेह के आधार पर पड़ताल की गई, तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ. इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से तुरंत इसकी औपचारिक सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.

दस्तावेजों की सत्यता और अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब इस मामले में प्राथमिकी में नामजद आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिका, दस्तावेजों की असलियत और म्यूटेशन प्रक्रिया से जुड़े सभी तकनीकी तथ्यों की गहराई से जांच कर रही है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी से की जा रही पूछताछ के दौरान सामने आने वाले खुलासों के आधार पर इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य सहयोगियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा और नियमानुसार आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नवीन कुमार मिश्रा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >