दोनों मामलों की छानबीन में जुटी पुलिस, परिवार के ही सदस्य हिरासत में, पूछताछ जारी
गया : जिले के कोतवाली व टिकारी थाना इलाके में रविवार को घरेलू हिंसा में दो महिलाओं की हत्या उनके ही परिवार के लोगों के द्वारा कर दी गयी. दोनों मामलों की छानबीन में पुलिस जुटी है.
कोतवाली थाने के बगला स्थान-रामधनपुर मुहल्ले के रहनेवाले दीपक कुमार (मेडिकल रिप्रिजेंटेटिव) की पत्नी (35 वर्ष) सुषमा सिन्हा उर्फ जूली का शव पुलिस ने उनके घर से बरामद किया. वहीं, टिकारी थाने के तेतरियां (छठमां पंचायत) के तेतरिया गांव की रहनेवाली (58 वर्ष) विमला देवी का शव उनके घर से बरामद किया. विमला देवी की हत्या के मामले में पुलिस उनके बेटे जितेंद्र शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
15 वर्ष पहले हुई थी शादी: कोतवाली इंस्पेक्टर नीहार भूषण ने बताया कि बोकारो-चास के रहनेवाले विनोद कुमार की शिकायत पर उनकी बेटी सुषमा सिन्हा की हत्या की प्राथमिकी उनके पति दीपक कुमार के विरुद्ध दर्ज की गयी है. विनोद का आरोप है कि उनके दामाद दीपक ने गला दबा कर उनकी बेटी की हत्या कर दी है. उन्होंने बताया है कि करीब 15 वर्ष पहले सुषमा की शादी दीपक के साथ की थी. उसे एक (12 वर्ष) बेटी व एक (10 वर्ष) बेटा है. इंस्पेक्टर ने बताया कि सुषमा के शव काे पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया है.सोमवार को शव को पोस्टमार्टम होगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुषमा के हत्या के कारणों का पता चल पायेगा. उन्होंने बताया कि घटना के बाद से दीपक घर से लापता है.
उसकी तलाश की जा रही है.
बेटे की भूमिका संदिग्ध: टिकारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार रजक ने बताया कि तेतरिया गांव में विमला देवी का शव उसके घर में रखी चौकी पर से बरामद किया गया है. महिला के शरीर पर चोट के निशान पाये गये हैं. उसके बेटे जितेंद्र शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
