घरों में घुस रहा नाले व शौचालय का पानी
जलनिकासी का नहीं है कोई रास्ता
गया : एपी कॉलोनी में मेन नाला जाम होने के कारण कई घरों में गंदा पानी घुस गया है. नगर निगम की दिन-रात की कोशिशों के बाद भी लोगों को जलजमाव से मुक्ति नहीं मिल पा रही है.
लोगों का कहना है कि अगर घर में नाली के पानी का आना बंद नहीं हुआ, तो लोगों के सामने दूसरा ठिकाना तलाशने के सिवाय कोई चारा नहीं रह जायेगा. गंदे पानी के बदबू से घर में रहना मुश्किल हो रहा है. बच्चे बीमार पड़ रहे हैं. पिछले दो माह से यही हालत है. लोगों का कहना है कि एपी कॉलोनी मेन रोड के सात फुट नीचे से नाला गया है. 10 साल पहले तक यहां पर इस तरह की कोई समस्या नहीं थी. लेकिन, नाले के ऊपर से रोड निर्माण कर दिया गया. सफाई के लिए कहीं से जगह नहीं छोड़ी गयी. इस कारण पूरा नाला जाम हो गया है.
लोगों का कहना है कि एपी कॉलोनी के घरों के अलावा गया कॉलेज कैंपस का पानी इसी तरफ से निकलता है. हालांकि, कुछ दिन पहले नगर निगम ने इससे निजात दिलाने के लिए आठ चैंबरों का निर्माण करवाया, पर उसका भी फायदा नहीं दिख रहा है. एपी कॉलोनी निवासी पंकज कुमार का कहना है कि नाला व शौचालय का पानी घर के अंदर आ रहा है. रहना मुश्किल हो गया है. बच्चे बीमार पड़ रहे हैं. नगर निगम के अधिकारियों ने हाथ खड़े कर दिये हैं. अब तो एक ही चारा है कि घर बेच कर कहीं दूसरी जगह चले जायें.
