गया में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर, 3 घायल, किशोर की स्थिति नाजुक

डुमरिया-पटना स्टेट हाइवे 69 स्थित डुमरिया-इमामगंज मुख्य मार्ग नंदाई पुल के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

Gaya Accident: (गया से मनोज मिश्रा) डुमरिया-पटना स्टेट हाइवे 69 स्थित डुमरिया-इमामगंज मुख्य मार्ग नंदाई पुल के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल डुमरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया.

सड़क हादसे में घायल युवक की स्थिति नाजुक

घायलों में मंझौली पंचायत के चटकपुर निवासी 18 वर्षीय पंकज कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना में उसका पैर टूट गया और माथे में भी गंभीर चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया रेफर कर दिया.

कैसे हुआ हादसा

वहीं सोनपुरा डुमरिया निवासी 18 वर्षीय बिपिन कुमार का इलाज डुमरिया अस्पताल में जारी है. तीसरे घायल की पहचान पिपरा निवासी 50 वर्षीय रामजी सिंह के रूप में हुई है. जिन्हें शरीर में कई जगह चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं और नंदाई पुल के पास अचानक आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर गिर पड़े.

तेज रफ्तार के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाएं

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. ग्रामीणों ने बताया कि स्टेट हाइवे 69 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से नंदाई पुल के समीप सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा वाहनों की गति नियंत्रित कराने की मांग की है.

Also Read: Census 2027: गया में जनगणना जागरूकता को लेकर निकाली गई रैली, लोगों को किया गया जागरूक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत बिहार के चर्चित चैनलों में से एक News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >