रोहतास के नौहट्टा में साेन नद में आयी बाढ़ में बहे पांच लोगों को बचाया गया
गया की निरंजना नदी में बहे युवक का चार घंटे बाद मिला शव
गया/पटना : झारखंड में भारी बारिश व पलामू स्थित मोहम्मदगंज भीम बराज से भारी मात्रा (करीब आठ लाख क्यूसेक) में पानी छोड़े जाने से रोहतास, औरंगाबाद व गया में नदियां उफान पर हैं. पानी के भारी दबाव के कारण मोहम्मदगंज भीम बराज के तीन गेट ध्वस्त हो गये.
रोहतास में सोन नद, औरंगाबाद में कोयल नदी व गया में निरंजना में शुक्रवार को आयी बाढ़ ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी है. रोहतास के नौहट्टा में सोन नद की बाढ़ के पानी में पांच लोग बह गये. हालांकि, पांचों को प्रशासन के सहयोग से बचा लिया गया. वहीं, गया की निरंजना नदी में शुक्रवार को अचानक पानी बढ़ने से एक युवक नदी में फंस गया.
जान बचाने के लिए पानी के तेज बहाव से चार घंटे तक चले संघर्ष के बाद उसने दम तोड़ दिया. युवक की पहचान बोधगया-मोहनिया के रामलखन सिंह के बेटा छोटू कुमार के रूप में हुई है. रोहतास व औरंगाबाद जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. उधर, रोहतास के एसडीओ ने सोन नद के तटीय इलाकों व टीलों पर रह रहे पशुपालकों को पशु व नाव के साथ सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है़
तटबंध के टूटने से गांवों में घुसा पानी : जहानाबाद : फल्गु नदी में अचानक बाढ़ आ गयी. इसकी जद में घोसी, मोदनगंज, हुलासगंज एवं मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्रों के कई गांव आ गये हैं. बंधुगंज के समीप फल्गु नदी पर बने पुल पर आठ फुट से अधिक पानी बहने से जहानाबाद-एकंगरसराय रोड में वाहनों का परिचालन बाधित है.
नालंदा : एकंगरसराय-जहानाबाद एनएच पर 110 चढ़ा फल्गु का पानी
फल्गु नदी का तटबंध टूट जाने से शुक्रवार को एनएच 110 बिहारशरीफ-एकंगरसराय-जहानाबाद पर वाहनों का परिचालन ठप हो गया. इसपर चार से पांच फुट पानी बह रहा है. शुक्रवार को करीब तीन बजे के आसपास एनएच पर से फल्गु नदी का पानी चढ़ना शुरू हुआ है. नालंदा व जहानाबाद जिलों के लगभग एक दर्जन गांवों में फल्गु नदी का पानी घुस गया है.
