बोधगया: शाक्यमुनि कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य रामजनम सिंह ने बोधगया थाने में शिकायत की है कि सोमवार की सुबह साढ़े 10 बजे बोधगया स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास मगध विश्वविद्यालय शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के महासचिव डॉ अमरनाथ पाठक ने गाली-गलौज की व जान से हाथ धोने की धमकी भी दे दी.
प्रभारी प्राचार्य ने इसके पीछे का कारण बताते हुए कहा है कि उन्होंने शाक्यमुनि कॉलेज से अनुपस्थित रहनेवाले शिक्षक व कर्मचारियों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था. इसमें अमरनाथ पाठक की पत्नी वीणा कुमारी, जो शाक्यमुनि कॉलेज में शिक्षिका हैं, के भी अनुपस्थित रहने के एवज में कारण पूछा गया था. इसके कारण उनके पति ने गाली-गलौज की व धमकाया. प्रभारी प्राचार्य ने इसकी शिकायत एमयू के कुलसचिव से भी की है. इस बारे में बोधगया के थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
महासचिव ने आरोप को बताया बेबुनियाद
उधर, इस बारे में शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के महासचिव डॉ अमरनाथ पाठक ने बताया कि पिछले दिनों कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ने नोटिस भेजा था. जब उनकी पत्नी व अन्य शिक्षिकाएं काॅलेज पहुंचीं, तो प्रभारी प्राचार्य अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अनाप-शनाप बोलने लगे. डॉ पाठक ने कहा कि उनकी पत्नी से उनके संबंध में भी कई बातें कही गयीं, जो गलत था. इसके बाद इसकी शिकायत पांच अगस्त को एसएसपी व महिला हेल्पलाइन को लिखित रूप से की गयी.
तीन शिक्षिकाओं ने इसकी शिकायत की. प्रशासन की ओर से जब इस मामले की जांच शुरू हुई, तो प्रभारी प्राचार्य ने झूठा आरोप लगाते हुए थाने में इसकी शिकायत की है. डॉ पाठक ने कहा कि सोमवार को किसी रामजनम सिंह से उनकी मुलाकात व बातचीत नहीं हुई है.
