शहादत के बाद मिली जमीन भूमाफियाओं के कब्जे में

बाेधगया: भूमि समस्या व समाधान विषय पर सोमवार को बिरला धर्मशाला में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. इसमें वक्ताओं ने इस बात पर दुख जताया कि जो जमीन शहादत के बाद गरीब भूमिहीनों को मिली थी, वह आज भूमाफियाओं के कब्जे में चली गयी है. वक्ताओं ने कहा कि बोधगया में मठ की जमीन […]

बाेधगया: भूमि समस्या व समाधान विषय पर सोमवार को बिरला धर्मशाला में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. इसमें वक्ताओं ने इस बात पर दुख जताया कि जो जमीन शहादत के बाद गरीब भूमिहीनों को मिली थी, वह आज भूमाफियाओं के कब्जे में चली गयी है.

वक्ताओं ने कहा कि बोधगया में मठ की जमीन को लेकर स्थानीय रामदेव पांचू व जानकी मांझी को अपनी जान तक गंवानी पड़ी. इसके बाद सरकार के प्रयास से भूमिहीनों को परचा के माध्यम से जमीन उपलब्ध करायी गयी, पर दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि ज्यादातर जमीनों पर अब तक वास्तविक लाभुकों का कब्जा तक नहीं हो पाया है. इतना ही नहीं, कुछ लाभुकों द्वारा जमीन की गलत तरीके से लीज या बिक्री भी कर दी गयी है.

अब यह जमीन भूमाफियाओं के बीच चली जा रही है. वक्ताओं ने कहा कि इस समस्या को सरकार के समक्ष रखी जाये व गलत ढंग से जमीनों पर कब्जा जमाये लोगों की जमाबंदी तुड़वाने व उनका केवाला रद्द कराने का प्रयास किया जाये. वास्तव में जो भूमिहीन हैं, उन्हें जमीन दिलायी जाये और इसके लिए अभियान चलाने की जरूरत है.
दिसंबर तक पूरा करना है काम
विचार गोष्ठी में इस बात का भी उल्लेख किया गया कि सरकार ने विशेष रूप से गया जिले को भूमि दखल देहानी के तहत भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है. भूमि एवं राजस्व विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने भी दिसंबर तक इस कार्य को पूरा करने का निर्देश जारी किया है.

इसमें यह कहा गया है कि जिसे जमीन का परचा मिला है, उसे जमीन पर कब्जा दिलाया जाये. परचाधारियों को दाखिल-खारिज किया जाये व वासभूमि का परचा दिया जाये. जिन्हें परचा नहीं मिला है, उन्हें जमीन खरीद कर दी जाये. यह भी कि जिन्होंने जमीन को बंधक या लीज पर दे रखा है, उस पर वाद दायर करते हुए कार्रवाई की जाये. संगोष्ठी के दौरान ही चेरकी से आयी एक महिला ने बताया कि उसके गांव के आहर के पिंड पर दूसरे गांव के लोग आकर बस चुके हैं, लेकिन उसे उक्त जमीन पर नहीं बसने दिया जा रहा है.

विचार गोष्ठी को जगदेव सिंह, गांधी निधि पटना के मंत्री विनोद रंजन, के जगत भूषण, अरुण दास, अंजलि, जयकिशन, विशुनधारी, टी उपेंद्र, लालदेव, गुप्तेश्वर, आनंद कुमार, रामदेव प्रसाद, रमेश कुमार, फादर जोश व अन्य ने संबोधित किया. धन्यवाद ज्ञापन बनारसी दास व अध्यक्षता जानकी दास ने की. इससे पहले शाक्यमुनि कॉलेज के पास से रामदेव पांचू व जानकी मांझी के 36वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर पैदल मार्च करते हुए लोग बिरला धर्मशाला तक पहुंचे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >