सुरक्षा के साथ-साथ चिकित्सा व अन्य सुविधाओं को लेकर पिछले कई दिनों से किये जा रहे कार्यों को बुधवार को अंतिम रूप दे दिया गया. पटना स्थित हज भवन से सुरक्षित वाहनों के अलावा सूबे के अन्य जिलों से भी हजयात्रा पर जानेवाले आजमीने हज निजी गाड़ियों से गया एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे. हजयात्रा के समन्वयक मोती करीमी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक पहली उड़ान से जानेवाले यात्री यहां पहुंच जायेंगे व उनके कागजात की जांच-पड़ताल के बाद यहां मौजूद रजाकारों के सहयोग से यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनस तक पहुंचाया जायेगा.
इसके बाद एयरपोर्ट पर तैनात ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के कर्मचारियों के सहयोग से हजयात्री विमान तक जायेंगे. इस बीच लगेज स्कैनर से हजयात्रियों के सामान की जांच भी होगी. उन्हें सऊदी अरब का मुद्रा भी दिया जायेगा. उधर, हजयात्रियों के लिए एयरपोर्ट टर्मिनस के बाहर बने पंडाल के पास ही सहायता केंद्र, चिकित्सा शिविर व शौचालय आदि की सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. हजयात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को लेकर जिला प्रशासन, एयरपोर्ट ऑथोरिटी व हज कमेटी के पदाधिकारी व कर्मचारी तत्पर रहेंगे.
