गया : आदित्य सचदेवा हत्याकांड के मुख्य आरोपित रॉकी यादव को पुलिसिया पूछताछ के बाद शनिवार को वापस गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया. रिमांड पर शुक्रवार को पुलिस ने रॉकी को जेल से बाहर निकाला था और जरूरी पूछताछ के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया.
हालांकि, कोर्ट से रॉकी को पुलिस रिमांड में 48 घंटे तक रखने की इजाजत मिली थी, पर इससे पहले ही पुलिस ने उसे वापस जेल भेज दिया. एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि रॉकी के लिए तैयार प्रश्नों के जवाब पूरे होने व विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ के बाद उसे वापस जेल में पहुंचा दिया गया. उन्होंने बताया कि रॉकी की स्वीकारोक्ति के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है और केस डायरी के साथ ही पुलिस रिमांड के दौरान रॉकी से पूछे गये सवालों के जवाब भी अदालत को सौंप दिये जायेंगे. एसएसपी ने बताया कि रॉकी यादव अपने पूर्व के बयानों पर कायम रहा और अब उसे पुलिस रिमांड में रखने की जरूरत नहीं थी.
