सात केंद्रीय विद्यालयों के 199 विद्यार्थियों ने दिखायी प्रतिभा, KV-2 गया व औरंगाबाद अव्वल

एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव–2026 का गया में सफलतापूर्वक समापन हुआ. सात केंद्रीय विद्यालयों के 199 विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 गया और केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद अव्वल रहे.

गया जी केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग के तत्वावधान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव–2026 का शुक्रवार को उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया. छह व सात अगस्त को आयोजित इस कार्यक्रम में संकुल के सात केंद्रीय विद्यालयों के 199 विद्यार्थियों ने 24 अनुरक्षकों के साथ भाग लेते हुए अपनी कलात्मक, सांस्कृतिक व रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

दूसरे दिन थिएटर (समूह), पारंपरिक कहानी वाचन, कलाकृतियों व परियोजनाओं की प्रदर्शनी, दृश्य कला (टू डी व थ्री डी), तथा पारंपरिक खिलौने व खेल जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. प्रतिभागियों ने अपनी मौलिकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति से निर्णायकों व दर्शकों को प्रभावित किया. समापन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सफलता के साथ विनम्रता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मअनुशासन, नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने की प्रेरणा दी.

परिणाम : समूह नृत्य, वाद्य संगीत, दृश्य कला में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 अव्वल

एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत समूह नृत्य (राष्ट्रीय), समूह गीत एवं कलाकृतियों-परियोजनाओं के प्रदर्शन में केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ओएफएन राजगीर प्रथम रहा. वहीं कला उत्सव–2026 के अंतर्गत एकल नृत्य में केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद तथा समूह नृत्य, स्वर संगीत, वाद्य संगीत (ताल वाद्य), दृश्य कला 2डी एवं 3डी में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, गया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वाद्य संगीत (तंतु/वायु) व समूह वाद्य संगीत में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सासाराम, पारंपरिक खिलौने एवं खेल में केंद्रीय विद्यालय जहानाबाद तथा थिएटर व पारंपरिक कहानी वाचन में केंद्रीय विद्यालय, औरंगाबाद विजेता रहा.

विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 गया इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी नहीं था, बल्कि उसे आयोजन की मेजबानी एवं सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. विद्यालय की टीमों ने संबंधित प्रतियोगिताओं में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, पटना में भाग लिया.

आयोजन रचनात्मकता, राष्ट्रीय एकता व आत्मविश्वास को देते हैं बढ़ावा

कार्यक्रम के दौरान छात्र प्रतिनिधि शिवम शर्मा (केवी जहानाबाद) व इंदिरा प्रियदर्शिनी (पीएम श्री केवी राजगीर) ने आयोजन की व्यवस्था की सराहना की. शिक्षक प्रतिनिधि सविंदर कुमार पांडेय व वंदना पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं. अनुपम भारद्वाज ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम के सफल संचालन में समग्र कार्यक्रम प्रभारी अनुपम भारद्वाज, सह-प्रभारी प्रज्ञा कुमारी व ललिता श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Haribansh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >