वर्ष 2016 में भूगर्भ नालों की सफाई के लिए खरीदी गयी थी मशीन
गया : शहर के भूगर्म नालों की सफाई के लिए वर्ष 2016 में पटना की एजेंसी सुप्रीम इंटरप्राइजेज से खरीदी गयी डिसिल्टिंग मशीन के लंबित भुगतान का मामला एक बार फिर से चर्चा में आ गया है. नगर आयुक्त सावन कुमार ने इस मामले में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है.
इस कमेटी को 15 दिनों के अंदर पूरे मामले की रिपोर्ट देने को कहा गया है, ताकि एजेंसी को भुगतान किया जा सके. गौरतलब है कि नगर विकास व आवास विभाग के प्रधान सचिव ने इस मामले में नगर आयुक्त को पत्र भेज अविलंब भुगतान का निर्देश दिया है. इस कमेटी में बुडको के कार्यपालक अभियंता केपी देव, उप नगर आयुक्त अजय कुमार, मोहम्मद शहाब यहया, सिटी मैनेजर विष्णु प्रभाकर व सहायक अभियंता शैलेंद्र सिन्हा है.
क्या है मामला : वर्ष 2016 में पूर्व मेयर सोनी देवी व पूर्व नगर आयुक्त विजय कुमार के कार्यकाल में नालों की सफाई के लिए दो डिसिल्टिंग मशीन की खरीदारी का निर्णय हुआ था. क्रय समिति की बैठक में इस मशीन की खरीदारी की मंजूरी मिली. मशीन की खरीदारी के लिए अलग-अलग एजेंसियां ने कोटेशन दिया था. इसमें पटना की सत्यम इंटरप्राइजेज को मशीन की आपूर्ति करने का ऑर्डर मिला.
तीन करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से एजेंसी ने नगर निगम को दो मशीन मुहैया करायी. हालांकि इस मशीन की खरीदारी को लेकर डिप्टी मेयर ने सवाल खड़ा कर दिया था. यह आरोप लगाया कि मशीन की खरीदारी में लाखों रुपये का कमीशन खाया गया है. इसके बाद विभाग ने जांच भी की. इस मामले में जिला प्रशासन के स्तर पर भी जांच हुई. जिसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली.
