इमामगंज. माताचक गांव के टोले नारायणपुर के रहनेवाले प्रमोद कुमार सिंह को सोमवार की शाम गोली मार कर घायल करने के मामले में पुलिस लगातार बदमाशों के अड्डे पर छापेमारी करने मे जुटी हैं, पर अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है. इस संबंध मे थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि छापेमारी की जा रही है. बहुत जल्द बदमाश गिरफ्त में होंगे.
इधर, परिजनों ने बताया कि पटना स्थित सगुना मोड़ के पास एक प्राइवेट अस्पताल में प्रमोद कुमार सिंह का इलाज चल रहा है. चिकित्सक की मानें, तो प्रमोद कुमार सिंह खतरे से बाहर है. गौरतलब है कि सोमवार की शाम प्रमोद कुमार सिंह अपने घर के पास बैठे थे. इस बीच बाइक से आये तीन बदमाशों ने प्रमोद सिंह से नाम पूछ कर गोलीबारी करते हुए फरार हो गये.
परिजन व ग्रामीणों के सहयोग से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया. मगध मेडिकल से भी घायल को पटना रेफर कर दिया गया था. इधर, प्रमोद सिंह ने इलाज के दौरान पुलिस को दो बदमाश का नाम दिया है.
उसी के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. घायल प्रमोद सिंह फिलहाल इमामगंज प्रखंड के छकरबंधा पंचायत के वार्ड संख्या 13 के वार्ड सचिव है. बदमाशों द्वारा प्रमोद सिंह पर गोलीबारी करने के पीछे जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है.
