जीबी रोड के हॉस्पिटल में जम कर हुई तोड़फोड़ बीच सड़क पर शव रख कर लगा दिया जाम

गया : एक गर्भवती महिला की बच्चे के जन्म के बाद मौत से आक्रोशित परिजनों ने शहर के एक निजी हॉस्पिटल परिसर में जम कर तोड़फोड़ की. परिजनों ने शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया. परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में महिला का गलत इलाज किया गया और स्थिति बिगड़ती देख उसे […]

गया : एक गर्भवती महिला की बच्चे के जन्म के बाद मौत से आक्रोशित परिजनों ने शहर के एक निजी हॉस्पिटल परिसर में जम कर तोड़फोड़ की. परिजनों ने शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया. परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में महिला का गलत इलाज किया गया और स्थिति बिगड़ती देख उसे पटना रेफर कर दिया गया. लेकिन, रास्ते में ही बच्चे को जन्म देने के बाद महिला की मौत गयी. इससे गुस्साये परिजन गुरुवार की दोपहर अस्पताल पहुंचे और जम कर हंगामा किया.
पुलिस के पहुंचने के बाद भी आक्रोशित परिजन शांत होने का नाम नहीं ले रहे थे. बताया जाता है कि जीबी रोड स्थित लाइफ केयर नर्सिंग होम में बुधवार की देर रात नीमा दोहर गांव के ढीबर टोला की रहनेवाली गर्भवती महिला प्रीति देवी को भर्ती कराया गया था. रात में डॉक्टरों ने अपने यहां से खून चढ़ाया. प्रीति देवी के ससुर दिनेश कुमार ने बताया कि खून डॉक्टर ने बिना जांच किये ही चढ़ा दिया.
खून चढ़ाने के बाद हालत बिगड़ने लगी, तो डॉक्टर ने वहां से मरीज को पटना रेफर कर दिया. एंबुलेंस से पटना ले जाते समय जहानाबाद में ही प्रीति की हालत काफी नाजुक होने लगी. जहानाबाद में एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां बच्ची को जन्म देने के दौरान महिला की मौत हो गयी. वहां के डॉक्टरों ने बताया कि खून का ग्रुप बदल कर चढ़ाने से महिला की मौत हुई है. परिजनों ने बताया कि डॉ श्वेता रानी के पास इलाज के लिए लाया गया था. सेवा सदन नामक बिल्डिंग में कई डॉक्टरों ने अपना क्लिनिक खोल रखा है.
जाम हटाने में पुलिस को घंटों करनी पड़ी मशक्कत : परिजनों ने प्रीति के शव को अस्पताल के बाहर एंबुलेंस पर रख कर और कई बाइक को बीच में लगा कर रोड को जाम कर दिया. जाम व हंगामे की सूचना पर पहुंची कोतवाली थाने की पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस परिजनों को अपने साथ थाने केस करने के बात कह कर ले गयी.
परिजनों ने हॉस्पिटल के डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. इस मामले में कोतवाली के एसआइ अवधेश कुमार ने बताया कि आक्रोशित लोगों द्वारा हॉस्पिटल में तोड़फोड़, रोड जाम व हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची. परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है.
हमर रनियां के खराब खूनमा चढ़ा के मार देलकौ
हमर रनियां के खराब खूनमा चढ़ा के मार देलकौ मइया. अब कौउन हमारा मइया कह के बुलैतौ बाबू. डक्टरनियां के फांसी दे द साहेब. उक्त बातें फतेहपुर थाना क्षेत्र के नीमा दोहर कांति देवी अपनी बेटी की मौत पर जीबी रोड में सड़क जाम के लिए लगाये गये एंबुलेंस पर रोते हुए कह रही थी. एबुंलेंस पर बैठी कई महिलाएं दहाड़ मारकर रो रही थी. इधर मृतका के पति संतोष कुमार ने बताया कि यहां डॉक्टरों ने खून चढ़ाने तक में करीब 20 हजार रुपये ले लिये.
उसके बाद सुबह में मरीज की हालत बिगड़ने लगी, तो रेफर कर दिया. उन्होंने बताया कि पूरी तौर से अस्पताल की लापरवाही से ही उसकी पत्नी की जान गयी है. जहानाबाद में उसकी नवजात बच्ची आइसीयू में भर्ती है. कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतका के परिजन के बयान पर महिला डॉक्टर पर केस दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. मामले की छानबीन की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >