गया : गया शहर के चर्चित तन्नु हत्याकांड में 10 वें गवाह के रूप में सिपाही जहानन्यार खान की गवाही मंगलवार को हुई. अपर जिला व सत्र न्यायाधीश (प्रथम) कृष्ण बिहारी पांडेय की अदालत में 10 वें गवाह के रूप में गवाही हुई. उन्होंने अपनी गवाही में कहा कि छह फरवरी 2018 को मैं रामपुर थाने में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) के पद पर पोस्टेड था.
थानाध्यक्ष के निर्देश पर सात फरवरी को मैं गेवाल बिगहा दुर्गास्थान गया, जहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी. लोगों के द्वारा पूछे जाने पर पता चला कि छोटू रवानी कल शाम तीन बच्चे सूरज, अंकित व तनीषा उर्फ तन्नू को चाट खिलाने के बहाने बोधगया की ओर ले गया और अंकित को खिरियावां के नजदीक झाड़ी में बांध कर फेंक दिया.
उसके बताये अनुसार, पुलिस टीम खिरियावां गांव की ओर गयी, जहां अंकित कटीले तारों से बंधा पाया मिला. लोगों से पता चला कि तन्नु के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर डीएम कोठी के पीछे फेंक दिया गया था. अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक कैसर सर्फुदीन व बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता ललित कुमार गुप्ता ने जिरह की.
