गया जंक्शन स्थित वन-बी प्लेटफॉर्म पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान शनिवार की शाम को 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया. अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में आवाजाही के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर रास्ता तलाशते नजर आएं.
जानकारी के अनुसार, वन-बी प्लेटफॉर्म पर पुनर्विकास कार्य चल रहा है. इसी दौरान खुदाई और निर्माण कार्य के बीच 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन कट गयी. जिससे गया जंक्शन की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गयी. बिजली गुल होते ही स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि रेलवे अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की टीम ने तत्काल स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू कर दिया.
कंस्ट्रक्शन विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान अनजाने में 11 हजार वोल्ट की बिजली का तार कट गया था.इसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई. उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंच कर मरम्मती कर बिजली बहाल करायी.
