गार्ड का मोबाइल हुआ झारखंड के रामगढ़ से व सिम गया से बरामद
पुलिस अधिकारियों ने मेन रोड के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले
गया. सोमवार की देर रात हुई एसएसपी व डीएम आवास के 200 मीटर की दूरी पर हुई व्यवसायी के घर में डकैती के मामले को सुलझाने को लेकर पुलिस अधिकारी माथापच्ची करते रहे. डकैती मामले से जुड़े मामले में पुलिस ने झारखंड के रामगढ़ से मोबाइल व सिम गया से बरामद कर लिया है.
डकैती के दौरान एक गार्ड का मोबाइल डकैत अपने साथ ले गये थे. मोबाइल का सिम गया में गेवाल बिगहा के पास से बरामद किया है. एसएसपी राजीव मिश्रा जांच को गुरुवार को भी रामपुर थाना पहुंचे. इनके साथ सिटी एसपी अनिल कुमार, सिटी डीएसपी राजकुमार साह भी थे. पुलिस अब तक एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस अधिकारी शहर के मुख्य सड़क पर विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी को भी सोमवार से फुटेज इकट्ठा करने में लगी ही. इसमें पेट्रोल पंप, होटल आदि शामिल है. हालांकि पुलिस को अब तक कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी. पुलिस की कई टीम विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है. डकैती के लिए पहुंचे लोगों के पास किसी तरह के हथियार नहीं होने की बात सामने आ रही है.
एसएसपी ने इस मामले में बताया कि सिम जिस लड़के से बरामद किया गया उसकी निशानदेही पर ही लड़के के ननिहाल झारखंड के रामगढ़ से मोबाइल भी बरामद कर लिया है. पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. एसएसपी ने रामपुर थाने में बताया कि पुलिस जल्द ही डकैती के खुलासे के साथ ही सामान की बरामदगी पहली प्राथमिकता है. पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है
