तलाक का झांसा देकर मेरी बेटी को बहलाया व लाकर मार डाला

गुरुवार को पुलिस ने स्टेशन रोड के एक होटल से बरामद की थी दिल्ली की सलमा की लाश दीपक कबूल कर चुका है कि वह सलमा से करता था प्यार गया : स्टेशन रोड के एक होटल से गुरुवार को सलमा उर्फ आइना की लाश पुलिस ने बरामद की थी. उसके बाद पुलिस ने सलमा […]

गुरुवार को पुलिस ने स्टेशन रोड के एक होटल से बरामद की थी दिल्ली की सलमा की लाश

दीपक कबूल कर चुका है कि वह सलमा से करता था प्यार
गया : स्टेशन रोड के एक होटल से गुरुवार को सलमा उर्फ आइना की लाश पुलिस ने बरामद की थी. उसके बाद पुलिस ने सलमा के दिल्ली स्थित परिजनों को उसकी मौत की खबर भेज दी थी. शुक्रवार की शाम गया पहुंचे सलमा के परिजनों ने थाने में आरोप लगाया कि दीपक ने बच्ची से कहा कि उसका पत्नी से तलाक हो गया है. वह सलमा से शादी करना चाहता है. कई महीनों से बार-बार दिल्ली जाकर दीपक ने सलमा पर डोरे डाले. सलमा की मां रशीदा खातून ने बताया कि उनकी बेटी सलमा करोलबाग के एक पार्लर में काम कर घर चलाती थी. उनका कोई बेटा नहीं है. सलमा बहनों में दूसरे नंबर पर थी. दीपक ने दिल्ली पहुंच कर उनकी बेटी को बहला-फुसला कर फंसाया और गया ले आया. दीपक पहले कहता रहा कि उसकी पत्नी से तलाक हो गया है.
कई बार दीपक गोकुलपुरी थाना क्षेत्र के बाबू नगर मुस्तफाबाद, दिल्ली में मिलने भी पहुंचा था. थाने में ही दीपक पर सलमा के परिजनों ने आरोप लगाया कि दीपक पूरी तौर से सलमा की जान जाने के लिए दोषी है. दीपक ने सलमा को रखने के लिए पहले दिल्ली में फ्लैट खरीदने की बात भी की थी. पर यह पता नहीं था कि वह उसकी जान ही ले लेगा. सलमा की मां ने दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. दिल्ली से शुक्रवार की शाम सलमा के पिता शकील अंसारी, मां रशीदा खातून व दो तीन रिश्तेदार यहां पहुंचे हैं. सलमा के शव को दिल्ली ले जाने की बात हो रही थी.
क्या कहना है पुलिस का
कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतका सलमा के परिजन गया पहुंच गये हैं. लाश का पोस्टमार्टम करा लिया गया है. मृतका की मां व पिता ने दीपक पर सलमा को गया लाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. मृतका की मां रशीदा खातून के बयान पर मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि दीपक को पुलिस ने गुरुवार को ही हिरासत में ले लिया था और उससे पूछताछ की जा रही थी. हत्या का आरोप लगने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
प्यार के चक्कर में उजड़ गया बसा-बसाया घर
सलमा के प्रेमजाल में दीपक ऐसा फंसा कि अपने बसे-बसाये घर को भी उसके लिए उजाड़ने को तैयार हो गया. धामीटोला मुहल्ले के रहनेवाले दीपक खंडेलवाल की शादी पहले ही हो चुकी है. दीपक ने गुरुवार को ही कबूल किया था कि मेंस पार्लर में जाने के क्रम में ही वहां काम करनेवाली सलमा से प्यार हो गया था. शादी के लिए उसे वह 26 जून को गया लेकर आया था. सलमा को होटल में ठहरा दिया और दो दिनों तक उससे मिलने के लिए समय-समय पर जाता रहा. 28 जून को ही सलमा के वापस दिल्ली जाने के लिए दीपक उसका टिकट कटवाने की बात भी कर रहा था. दीपक शनिवार को भी थाने में अपने आप को निर्दोष बता रहा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >