Ford Hospital: हृदय, मस्तिष्क और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारियों की सटीक जांच अब और अधिक तेज व सुरक्षित तरीके से हो सकेगी. फोर्ड हॉस्पिटल, पटना में अत्याधुनिक सीटी स्कैन एंजियोग्राफी मशीन लगाई गई है.यह मशीन कम समय में उच्च गुणवत्ता वाली थ्री-डी इमेज उपलब्ध कराती है, जिससे कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक चरण में ही पता लगाया जा सकता है.
अस्पताल के रेडियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. कुमार सुधाकर ने बताया कि मशीन की हाई-स्पीड स्कैनिंग तकनीक के कारण पूरे शरीर की जांच कुछ ही सेकेंड में संभव है.इसमें कम रेडिएशन डोज के साथ स्पष्ट और सूक्ष्म तस्वीरें प्राप्त होती हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है.मशीन की सहायता से हृदय की धमनियों, मस्तिष्क, फेफड़ों, किडनी और शरीर की अन्य रक्त वाहिकाओं की विस्तृत जांच की जा सकती है.
उन्होंने बताया कि सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी के माध्यम से बिना किसी सर्जिकल प्रक्रिया के हृदय की धमनियों में रुकावट का पता लगाया जा सकता है.यह तकनीक स्ट्रोक, एन्यूरिज्म, ट्रॉमा, कैंसर स्टेजिंग और विभिन्न जटिल रोगों के निदान में भी बेहद उपयोगी है.मशीन द्वारा तैयार की गई रियल-टाइम 3-डी इमेज डॉक्टरों को अधिक सटीक उपचार योजना बनाने में मदद करती है.
डॉ. सुधाकर ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से बिहार के मरीजों को उन्नत जांच के लिए अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा.फोर्ड हॉस्पिटल में अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से तेज, सटीक और विश्वस्तरीय डायग्नोस्टिक सेवाएं उपलब्ध होंगी.
